भारत और बांग्लादेश के बीच आज अंडर-19 विश्व कप का ग्रुप ए का रोमांचक मुकाबला जिम्बाब्वे के बुलावायो में खेला जा रहा है। इस मैच से पहले टॉस के वक्त भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने बांग्लादेश के उप-कप्तान से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया।
टीमों की तरफ से नहीं बताई गई वजह
बारिश के कारण देरी से शुरू हुए इस मुकाबले के लिए जब बांग्लादेश के उप-कप्तान जवाद अबरार टॉस के लिए मैदान पर पहुंचे, तब भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने टॉस के बाद उनसे हाथ मिलाने से इनकार कर दिया। हालांकि, अब तक दोनों टीमों की तरफ से इसको लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं जारी किया गया है।
पाकिस्तान के खिलाफ भारत की नो हैंडशेक नीति
यह पहला मौका नहीं है जब भारतीय खिलाड़ियों ने किसी अन्य टीम के खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार किया है।
इससे पहले पहलगाम नरसंहार और उसके बाद भारतीय सेना द्वारा किए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद पिछले साल एशिया कप में भारतीय टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था।
तभी से भारत पाकिस्तान के खिलाफ नो हैंडशेक नीति का पालन कर रहा है।