फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs PAK: रोमांचक मैच में पाकिस्तान से हारा भारत, एशिया कप में अंडर-19 टीम को मिली पहली हार

Sat, 25 Dec 2021 07:01 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दुबई

सार

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 49 ओवर में 237 रनों पर ऑलआउट हो गई थी। पाकिस्तानी टीम ने 50 ओवर में आठ विकेट पर 240 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम की टूर्नामेंट में ये पहली हार है। उसने अपने पहले मैच में यूएई को हराया था।
विज्ञापन
अंडर-19 एशिया कप में भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय अंडर-19 टीम एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ शनिवार (25 दिसंबर) को रोमांचक मैच में हार गई। पाकिस्तानी टीम को आखिरी ओवर में जीत के लिए 8 रन बनाने थे और उसके हाथ में सिर्फ दो विकेट थे। उसने आखिरी गेंद पर चौका लगाकर मैच अपने नाम कर दिया। भारतीय टीम की टूर्नामेंट में ये पहली हार है। उसने अपने पहले मैच में यूएई को हराया था। टीम इंडिया ग्रुप दौर के अपने आखिरी मैच में 27 दिसंबर को अफगानिस्तान के खिलाफ खेलेगी।
विज्ञापन


पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 49 ओवर में 237 रनों पर ऑलआउट हो गई थी। पाकिस्तानी टीम ने 50 ओवर में आठ विकेट पर 240 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। टूर्नामेंट में उसकी ये दूसरी जीत है। पाकिस्तान ने पहले मैच में अफगानिस्तान को हराया था। इस जीत के साथ उसके दो मैच में चार अंक हो गए और वह अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गया है। भारतीय टीम दूसरे पायदान पर खिसक गई है।

अहमद खान ने आखिरी ओवरों में खेली आतिशी पारी
पाकिस्तान के लिए मैच सबसे ज्यादा रन मोहम्मद शहजाद ने बनाए। उन्होंने 81 रनों की पारी खेली। इरफान खान ने 32, रिजवान महमूद ने 29, माज सदाकत ने 29 और कप्तान कासिम अकरम ने 22 रन बनाए। आखिरी ओवर में अहमद खान ने तूफानी पारी खेली। उन्होंने 19 गेंद पर ताबड़तोड़ 29 रन ठोक दिए। इस दौरान तीन चौके और एक छक्का लगाया। अहमद ने आखिरी गेंद चौका लगाकर पाकिस्तान को जीत दिलाई।
विज्ञापन


पिछले मैच में शतक लगाने वाले हरनूर सिंह ने 46 रन बनाए
इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और उनके गेंदबाजों ने अपने कप्तान के फैसले को सही साबित किया। तेज गेंदबाज जीशान जमीर ने सबसे ज्यादा पांच विकेट लिए हैं, जबकि दो विकेट अवैस अली के नाम रहे हैं। माज सदाकत को भी एक विकेट मिला।  भारत के लिए विकेटकीपर अराध्य ने सबसे ज्यादा 50 रन बनाए। उनके अलावा बाकी बल्लेबाजों के छुटपुछ योगदान की बदौलत भारतीय टीम 237 रन का स्कोर बना पाई। पिछले मैच में शतक लगाने वाले हरनूर सिंह 46 रन बनाकर आउट हुए। शुरुआत में भारत ने 41 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे, लेकिन बाद में आराध्य, कौशल और राजवर्धन ने पारी को संभाला और टीम इंडिया को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाया।

भारत के बल्लेबाज फ्लॉप
इस मैच में भारत के बल्लेबाजों ने बहुत ही निराशाजनक प्रदर्शन किया और शुरुआती पांच में से चार बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। ओपनर अंगक्रिस रघुवंशी और कप्तान यश धुल बिना खाता खोले आउट हो गए। वहीं उपकप्तान रशीद ने छह और निशांत सिंधू ने आठ रन बनाए। राज बावा भी 25 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि आराध्य के 50, कौशल के 32 और राजवर्धन के 33 रन की बदौलत भारत का स्कोर 200 के पार पहुंचा। 

अंडर-19 एशिया कप के लिए भारतीय टीम
यश धुल (कप्तान) हरनूर सिंह, अंगक्रिश रघुवंशी, एसके रशीद, निशांत सिंधू, सिद्धार्थ यादव, अनीश्वर गौतम, दिनेश बाना, आराध्य यादव, राज अंगद बावा, मानव परख, कौशल तांबे, आरएस हनगरगेकर, वासू वत्स, विकी ओस्तवाल, रविकुमार और गर्व सांगवान। 

रिजर्व खिलाड़ी
रिषित रेड्डी, उदय सहारन, अंश गोसाई, अमृत राज उपाध्याय, पीएम सिंह राठौर।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें