कहते हैं कि सच हो जाते हैं सारे सपने, अगर हिम्मत देने वाला साथ हो...कुछ ऐसा ही प्रियम गर्ग के पिता नरेश गर्ग के साथ हुआ। जी हां, नरेश गर्ग ने अपने बेटे प्रियम को क्रिकेटर बनाने का सपना देखा था, जो अब जाकर साकार हुआ। प्रियम को वर्ल्डकप में भारतीय अंडर-19 टीम की कमान सौंपी गई है, जिससे उनके पिता नरेश गर्ग का सीना गर्व से चौड़ा है।
मगर इसके पीछे की जो कहानी है वो वाकई भावुक कर देने वाली और हर किसी के लिए प्रेरणादायक है। पाकिस्तान के खिलाफ महत्वपूर्ण सेमीफाइनल मुकाबले के मद्देनजर प्रियम के पिता नरेश गर्ग ने टीम का हौसला बढ़ाया है। अपने बेटे से उम्मीद करते हुए उऩ्होंने कहा- मैं बहुत खुश और गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। हम केवल पाकिस्तान के खिलाफ ही जीत नहीं हासिल करेंगे, बल्कि वर्ल्ड कप भी जीतेंगे। मुझे उम्मीद है कि मेरा बेटा वर्ल्ड कप वापस लेकर आएगा।
वहीं, रवि विश्नोई के पिता मांगीलाल विश्नोई मांगीलाल का कहना है कि उसने अब तक उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है। आज जब चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से मुकाबला है तो इसमें कोई दो राय नहीं दबाव तो बढ़ता ही है, लेकिन उम्मीद है कि रवि देश के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि आशा है कि टीम इंडिया आज का मुकाबला जीतेगी।
बता दें कि भारतीय टीम अंडर 19 क्रिकेट वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे सफल टीम है। चार बार की चैंपियन रही है। प्रियम गर्ग की इस टीम से काफी उम्मीदें की जा रही है। टीम काफी प्रतिभाशाली है और उम्मीद के मुताबिक ही अब तक प्रदर्शन करती आई है।