तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे ने उन रिपोर्ट्स को खारिज किया है जिसमें यह दावा किया गया था कि उन्हें चोट से उबरने में अभी दो से तीन महीने तक का समय लगेगा। तुषार की सितंबर 2024 में लंदन में टखने की सर्जरी हुई थी और वह तब से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी नहीं कर सके हैं। तुषार ने पिछले साल ही टी20 अंतरराष्ट्रीय में डेब्यू किया था।
तुषार को लेकर पिछले कुछ दिन से खबरें चल रही थी, लेकिन इस गेंदबाज ने इन खबरों को खारिज किया। तुषार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा, फर्जी खबर। पोस्ट करने से पहले खबर को प्रमाणित न करना गलत है। मैं इसे पेज पर कुछ अतिरिक्त व्यूज प्राप्त करने के लिए एक बहुत सस्ते कदम के रूप में देखता हूं।
जिम्बाब्वे के खिलाफ किया था डेब्यू
तुषार ने पिछले साल जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय में डेब्यू किया था। उन्होंने दोनों मैचों में एक-एक विकेट लिए थे और उनकी इकॉनोमी 9.16 की रही थी। तुषार के आईपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने पिछले कुछ सीजन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए खेले, लेकिन आईपीएल 2025 में तुषार राजस्थान रॉयल्स का प्रतिनिधित्व करते नजर आएंगे। आईपीएल के पिछले सत्र में तुषार ने सीएसके के लिए 13 मैचों में 17 विकेट लिए थे।
राजस्थान का करेंगे प्रतिनिधित्व
सीएसके को आईपीएल 2023 जिताने में उन्होंने योगदान दिया था। तुषार ने 16 मैचों में 21 विकेट लिए थे। ओवरऑल अपने डेब्यू के बाद से तुषार ने 36 मैचों में 42 विकेट लिए हैं। आईपीएल 2025 के लिए हुई मेगा नीलामी में तुषार को राजस्थान ने 6.5 करोड़ रुपये में खरीदा था। उनका आधार मूल्य एक करोड़ रुपये था। तुषार चोट के कारण रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन में नहीं खेल सके हैं।