ट्वंटी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 का अपना पहला मैच हार चुकी इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच शनिवार को टूर्नामेंट में बने रहने के लिए जबरदस्त जंग होने की उम्मीद है। बृहस्पतिवार को हुए मुकाबले में इंग्लैंड के वेस्ट इंडीज के हाथों 15 रन से हार का सामना करना पड़ा जबकि मेजबान श्रीलंका ने न्यूजीलैंड को सुपर ओवर में शिकस्त दी।
ऐसे में दोनों टीमों के लिए बेहद अहम मुकाबला बन गया है। इस मैच में हारने वाली टीम के लिए सेमीफाइनल की राह काफी मुश्किल हो जाएगी। मौजूदा चैंपियन इंग्लैंड को पिछले दो मैचों में हार झेलनी पड़ी है। न्यूजीलैंड के खिलाफ इंग्लैंड के गेंदबाजों को उम्मीदों पर खरा उतरना होगा क्योंकि पिछले दो मैचों में उन्होंने काफी रन लुटाए हैं।
कीवी टीम के पास ब्रैंडन मैककुलम, रोब निकोल, मार्टिन गुप्टिल और कप्तान रोस टेलर जैसे विस्फोटक बल्लेबाज हैं। हालांकि वेस्ट इंडीज के खिलाफ शुरुआत में लड़खड़ाने के बाद इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया जो उसके लिए राहत की बात होगा।
गेंदबाजी न्यूजीलैंड के लिए भी चिंता का विषय है। कीवी गेंदबाजों को भी इंग्लैंड के खिलाफ कसी हुई गेंदबाजी पर ध्यान केंद्रित करना होगा। दोनों देशों के बीच अभी तक कुल पांच मैच हुए हैं जिसमें चार मैच जीतकर पलड़ा इंग्लैंड का भारी है। वर्ल्ड कप में दोनों देश दो बार भिड़ें हैं और दोनों ने ही एक-एक मैच जीते हैं।