पेन ने स्वीकार किया कि खराब बल्लेबाजी और लचर क्षेत्ररक्षरण टीम की हार के कारण रहे। उन्होंने कहा, 'कम स्कोर एक कारण था और हमने कैच भी टपकाए। क्षेत्ररक्षण खराब था।' ऑस्ट्रेलिया ने अजिंक्य रहाणे को भी जीवनदान दिया, जिन्होंने शतक जमाया। दूसरी पारी में भी रहाणे को मिचेल स्टार्क ने जीवनदान दिया। पेन ने इस बात से इनकार किया कि एडिलेड में मिली जीत के बाद ऑस्ट्रेलिया ने तैयारी में कोताही बरती।
कामचलाऊ सलामी बल्लेबाज मैथ्यू वेड ने 30 और 40 रन बनाए जबकि मार्नस लाबुशेन ने 28 और 48 रन की पारियां खेली, लेकिन जो बर्न्स और ट्रेविस हेड कोई कमाल नहीं कर सके। टीम के नंबर एक बल्लेबाज स्टीव स्मिथ पूरी तरह से फ्लॉप रहे। पेन ने मैच के बाद कहा कि उन्हें नहीं लगता कि बल्लेबाजी क्रम में बदलाव की जरूरत है। हमें बेहतर बल्लेबाजी करनी होगी, इससे फर्क नहीं पड़ता कि क्रीज पर कौन है। हमें रन बनाने होंगे। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम में शीर्ष सात का यही काम है।'
पेन ने कहा, 'हमने तैयारी में कोई बदलाव नहीं किया। एक जीत या हार के बाद ऐसा कोई बदलाव नहीं होता। कई बार अंतरराष्ट्रीय खेल में अंतर इतना कम होता है कि नतीजे अलग अलग आ जाते हैं। जैसा यहां पहले और दूसरे टेस्ट में हुआ। भारतीयों ने काफी अनुशासित गेंदबाजी की। हम बड़ी साझेदारियां नहीं बना सके।'
अंपायरों के फैसले की समीक्षा (डीआरएस) को लेकर नाराजगी जता चुके पेन ने कहा, 'मैने अंपायरों से बात की, लेकिन उसका कोई फल नहीं निकला। कल बात तकनीक की नहीं थी, लेकिन पहली पारी में पुजारा के विकेट को लेकर एक परिपाटी कायम करने की थी। अंपायरों ने रिप्ले ध्यान से देखा नहीं चूंकि गेंद और बल्ले के बीच अंतर था।'