युवा भारतीय बल्लेबाज तिलक वर्मा इन दिनों इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेलते नजर आ रहे हैं। उन्होंने हैम्पशायर के लिए खेलते हुए दूसरी बार शतक जड़ा है। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं और विपक्षी टीमों के लिए मुसीबत बन हुए हैं। बता दें कि, तिलक वर्मा ने रोथसे काउंटी चैंपियनशिप में चार मैच खेलने के लिए हैम्पशायर के साथ अनुबंध किया है।
काउंटी क्रिकेट में तिलक का दूसरा सैकड़ा
तिलक ने गुरुवार को नॉटिंघमशायर के खिलाफ मुकाबले में 256 गेंदों में 112 रनों की शानदार पारी खेली। यह उनका काउंटी क्रिकेट में दूसरा सैकड़ा था। इससे पहले उन्होंने एसेक्स के खिलाफ मुकाबले में 241 गेंदों में 100 रन बनाए थे। वहीं, वॉरसेस्टरशायर के खिलाफ मैच में उन्होंने 56 और 47 रनों की पारियां खेलीं थीं।
तिलक का करियर
22 वर्षीय वर्मा ने 25 टी20 और चार वनडे मैच में भारत का प्रतिनिधित्व किया है जिसमें उन्होंने दो शतकों के साथ 749 रन बनाए हैं। उनक नाम तीन अर्धशतक भी हैं। वर्मा ने 2019 में टी20 प्रारूप में शुरुआत की और 2022 आईपीएल सत्र से पहले मुंबई इंडियंस ने उनका चयन किया। तब से उन्होंने फ्रेंचाइजी के लिए 54 मैच में 37.47 के औसत और 144.41 के स्ट्राइक रेट से लगभग 1,500 रन बनाए हैं, जिसमें आठ अर्धशतक शामिल हैं।