वन-डे सीरीज में इंग्लैंड से मात खा चुकी न्यूजीलैंड ने टेस्ट टीम में तीन नए चेहरे को शामिल किया है। ओपनर पीटर फुल्टन वापसी करने में सफल रहे हैं जबकि मार्टिन गुप्टिल अंगूठे की चोट के कारण सीरीज से पहले ही बाहर हो चुके हैं। हामिश रदरफोर्ड, टाम लाथम और लेफ्ट आर्म स्पिनर ब्रूस मार्टिन को पहली बार टीम में जगह मिली है।
पूर्व कप्तान केन रदरफोर्ड के पुत्र हामिश और लाथम में से कोई एक फुल्टन के साथ ओपनिंग में उतरेगा। मार्टिन को जीतन पटेल की जगह टीम में शामिल किया गया है और उनके टेस्ट पदार्पण करने की संभावना है। अंगूठे की चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका दौरे से बाहर रहे तेज गेंदबाज टिम साउदी की भी टीम में वापसी हुई है।
टीम इस प्रकार है
ब्रैंडन मैककुलम (कप्तान), ट्रेंट बोल्ट, डग ब्रेसवैल, डीन ब्राउनली, पीटर फुल्टन, टाम लाथम, ब्रूस मार्टिन, हामिश रदरफोर्ड, टिम साउदी, रोस टेलर, बी जे वाटलिंग और केन विलियमसन।