न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अपने कोचिंग करियर की शुरुआत कर दी है। द हंड्रेड के आगामी सीजन के लिए मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने उन्हें पुरुष टीम का बैटिंग कोच नियुक्त किया है। फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी घोषणा करते हुए लिखा, 'करिश्मा, कूलनेस और केन। आगामी द हंड्रेड अभियान से पहले मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की पुरुष टीम के बल्लेबाजी कोच के रूप में केन विलियमसन का स्वागत करते हुए हमें बेहद खुशी हो रही है।'
आईपीएल में निभा चुके हैं रणनीतिक सलाहकार की भूमिका
केन विलियमसन हाल ही में समाप्त हुए आईपीएल 2026 सीजन में लखनऊ सुपर जाएंट्स के साथ स्ट्रैटेजिक एडवाइजर (रणनीतिक सलाहकार) के रूप में जुड़े थे। हालांकि उन्होंने इस सीजन में खिलाड़ी के तौर पर हिस्सा नहीं लिया, लेकिन इससे पहले वह 10 सीजन तक आईपीएल में बतौर खिलाड़ी खेल चुके हैं। लखनऊ सुपर जाएंट्स के मुख्य कोच पूर्व ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज जस्टिन लैंगर हैं।
एसए20 में भी सुपर जाएंट्स परिवार का रहे हिस्सा
35 वर्षीय विलियमसन इस साल एसए20 लीग में डरबन सुपर जाएंट्स का भी हिस्सा रहे थे। मैनचेस्टर सुपर जाएंट्स और डरबन सुपर जाएंट्स दोनों एक ही स्वामित्व समूह के अंतर्गत संचालित होते हैं।
शानदार रहा अंतरराष्ट्रीय करियर
केन विलियमसन ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 18,000 से अधिक रन बनाए हैं। इनमें टेस्ट क्रिकेट में 9,000 से ज्यादा रन शामिल हैं। उन्हें न्यूजीलैंड के सबसे सफल और सम्मानित कप्तानों एवं बल्लेबाजों में गिना जाता है।
नवंबर में आएगी आत्मकथा
विलियमसन ने हाल ही में अपनी आत्मकथा बेयर मार्जिन्स की भी घोषणा की है, जो नवंबर में प्रकाशित होगी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'ईमानदारी से कहूं तो मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं कोई किताब लिखूंगा, लेकिन इस प्रक्रिया से मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला। पिछले कुछ महीनों में मैंने अपने जीवन के उन अनुभवों पर विचार किया, जिन्होंने मुझे आकार दिया। इसी दौरान मैंने अपने संन्यास पर भी एक अध्याय लिखा। 16 वर्षों तक उस टीम का हिस्सा रहना मेरे लिए सौभाग्य की बात रही, जिससे मैंने नेतृत्व, टीमवर्क और लगातार बेहतर बनने की सीख हासिल की। उम्मीद है कि इस किताब से पाठकों को भी कुछ प्रेरणा मिलेगी।'