बीसीसीआई के उपाध्यक्ष और कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के उनकी पार्टी के लिए प्रचार करने के बारे में लगाए जा रहे कयासों को खारिज करते हुए कहा है कि इस बारे में आई रिपोर्ट आधारहीन है।
शुक्ला ने कहा कि सचिन फिलहाल काफी व्यस्त हैं। वह अभी रणजी मैच खेल रहे हैं और इसके बाद उनको वेस्टइंडीज के साथ टेस्ट मैच खेलने हैं। ऐसे में अगले माह पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के दौरान उनके कांग्रेस के लिए प्रचार करने के बारे में आई रिपोर्ट निराधार है।
ऐसी खबरें आई थीं कि केंद्र की यूपीए सरकार की ओर से राज्यसभा के लिए नामित किए गए सचिन मध्य प्रदेश में कांग्रेस के लिए प्रचार करेंगे।
शुक्ला ने कहा कि यह बरगलाने वाली रिपोर्ट है। उन्होंने कहा कि सचिन को अभी कई मैच खेलने हैं, ऐसे में वह प्रचार के लिए कैसे समय निकाल सकेंगे। वह अभी हरियाणा में मुंबई की तरफ से रणजी मैच खेल रहे हैं।
भविष्य में कांग्रेस के लिए सचिन के प्रचार करने के बारे में शुक्ला ने कहा कि वह आने वाले समय के बारे में अनुमान नहीं लगा सकते हैं। सचिन बेहतरीन क्रिकेटर हैं और रिटायर्ड होने के बाद उनको जो पसंद होगा वह वो करेंगे। हम उन पर कोई दबाव नहीं बना सकते।