सचिन तेंदुलकर के लिये जैक हाब्स के प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 199 शतकों के रिकॉर्ड तक पहुंचना तो नामुमकिन है लेकिन यह भारतीय बल्लेबाज शुक्रवार से शुरू हुई चार टेस्ट मैचों की सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सर्वाधिक शतक के हाब्स के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं।
तेंदुलकर और हाब्स उन खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हमेशा अच्छा प्रदर्शन किया। इंग्लैंड के पूर्व ओपनर हाब्स ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 41 टेस्ट मैचों में 54.26 की औसत से 3636 रन बनाए हैं, जिसमें 12 शतक शामिल हैं।
तेंदुलकर इस सीरीज में हाब्स के रनों और शतकों के इस रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं। इस भारतीय बल्लेबाज ने अभी तक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 35 टेस्ट की 67 पारियों में 57.30 की औसत से 3438 रन बनाए हैं, जिसमें 11 शतक शामिल हैं।