भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत हो चुकी है। दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट मैच लीड्स के हेडिंग्ले में खेला जा रहा है। भारत की प्लेइंग-11 को लेकर पिछले कुछ दिनों से काफी चर्चा चल रही थी और टीम इंडिया ने इस मैच में तीन तेज गेंदबाजों के साथ उतरने का फैसला किया है। इतना ही नहीं, ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर को भी प्लेइंग-11 में जगह दी गई है।
इंग्लैंड ने जीता टॉस
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। इंग्लैंड ने प्लेइंग-11 की घोषणा पहले ही कर दी थी। वहीं, भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने भी कहा कि वह टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना चाहते थे। गिल ने कहा कि साई सुदर्शन डेब्यू कर रहे हैं, जबकि अनुभवी बल्लेबाज करुण नायर की वापसी हुई है और तीन विशेषज्ञ तेज गेंदबाज खेल रहे हैं। शार्दुल ऑलराउंडर की भूमिका निभाते दिखेंगे। सुदर्शन तीसरे नंबर पर और करुण छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते दिख सकते हैं।
केएल-यशस्वी ने की ओपनिंग
इस मैच में ओपनिंग के लिए केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल उतरे हैं। इन दोनों ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान भी कुछ मैच में ओपनिंग की थी। रोहित शर्मा के टेस्ट से संन्यास लेने के बाद यशस्वी की जगह केएल ने ली है। भारत इस मैच में यशस्वी, केएल, सुदर्शन, गिल, ऋषभ पंत और करुण नायर के रूप में छह विशेषज्ञ बल्लेबाजों के साथ उतरा है।
कुलदीप को नहीं मिला मौका
भारत इस मैच में दो ऑलराउंडरों के साथ उतरा है। रवींद्र जडेजा और शार्दुल ऑलराउंडर के तौर पर प्लेइंग-11 में शामिल हैं। जडेजा एकमात्र विशेषज्ञ स्पिनर भी हैं, जबकि कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को इस मैच में मौका नहीं मिला है। तेज गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा हैं।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), करुण नायर, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
इंग्लैंड: जैक क्राउली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, ब्राइडन कार्स, जोश टंग, शोएब बशीर।