भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से पहले दक्षिण अफ्रीका को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा दूसरे टेस्ट से भी बाहर हो गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा ने इसकी पुष्टि कर दी है। रबाडा इससे पहले कोलकाता में खेले गए शुरुआती टेस्ट मैच में भी हिस्सा नहीं ले सके थे। दरअसल, रबाडा टेस्ट नहीं खेल पायेंगे चूंकि वह पसली की चोट से उबर नहीं सके हैं जो उन्हें पहले टेस्ट से पूर्व अभ्यास सत्र में लगी थी।
गुवाहाटी में शनिवार से खेला जाएगा पहला टेस्ट
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच शनिवार से गुवाहाटी के बारसापाड़ा स्टेडियम में दूसरा टेस्ट मैच खेला जाएगा। बावुमा ने मैच से पहले कहा, 'रबाडा दूसरे टेस्ट में भी नहीं खेल सकेंगे।' बावुमा ने कहा कि रबाडा टीम के महत्वपूर्ण हिस्सा बने हुए हैं, लेकिन उन्हें ठीक होने के लिए और समय की जरूरत है। रबाडा की अनुपस्थिति से मेहमान टीम को एक और रणनीतिक फेरबदल करने पर मजबूर होना पड़ेगा। हालांकि, टीम पहले ही उनके बिना सीरीज के पहले मैच में 30 रन से जीत हासिल करने में सफल रही थी। दक्षिण अफ्रीका की टीम दो मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे चल रही है।
बावुमा ने गुवाहाटी की पिच को लेकर क्या कहा?
कोलकाता टेस्ट गंवाने के बाद ईडन गार्डेंस की पिच को लेकर काफी चर्चा हुई थी। कोलकाता टेस्ट में स्पिनरों की मददगार पिच तैयार की गई थी, लेकिन भारत के लिए यह दांव उलटा पड़ गया था। अब गुवाहाटी में पिच कैसी रहेगा ये देखना दिलचस्प रहेगा। गुवाहाटी में पहली बार टेस्ट मैच खेला जा रहा है। बावुमा ने कहा कि गुवाहाटी की पिच उपमहाद्वीप की आम पिचों की तरह लग रही है जो पहले दो दिन बल्लेबाजों की और बाद में स्पिनरों की मददगार होगी। उन्होंने कहा, यह विकेट ताजा है और कोलकाता की पिच की तुलना में स्थिर होगी। हम सुबह इसका मुआयना करके रबाडा के विकल्प पर बात करेंगे। यह उपमहाद्वीप की पिचों की तरह है जिस पर पहले दो दिन बल्लेबाजों को और फिर स्पिनरों को मदद मिलने वाली है।