वन-डे क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद पहली बार मीडिया के सामने आए मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने भारतीय टीम की शानदार वापसी का भरोसा जताया है। सचिन ने पत्रकारों से कहा कि, 'बेशक इस समय मैं टीम इंडिया के साथ नहीं हूं लेकिन मेरा दिल उनके साथ है और मुझे पूरा यकीन है कि वह शानदार वापसी करेगी।'
सचिन ने कहा, 'पिछले 23 वर्षों से मैं वन-डे टीम का हिस्सा था और यह एक यादगार सफर था। मैं उन सभी लोगों का शुक्रगुजार हूं जो उतार-चढ़ाव के दौर में मेरे साथ रहे। मेरे लिये इसके बहुत मायने हैं।' तेंदुलकर ने कहा कि इस समय टीम को हमारे सहारे और दुआओं की जरूरत है, ताकि वह अच्छा प्रदर्शन कर सके।
गौरतलब है कि पाकिस्तान के साथ खेले गए पहले वनडे मुकाबले में भारत को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। श्रंखला का दूसरा मैच कोलकाता के ईडन गार्डन में 3 जनवरी को खेला जाएगा।