सूत्रों ने कहा कि भारतीय टीम प्रबंधन और सीओए चेयरमैन विनोद राय ने हाल ही में टेस्ट सीरीज के नतीजे पर विचार किया, जिसमें इस बात पर सहमती बनी कि काउंटी चैंपियनशिप या इंडिया 'ए' में खेलने देने से खिलाड़ियों को तैयारी का पर्याप्त मौका दिया जाए।
बोर्ड के एक अधिकारी ने कहा, 'एक बात तो तय है। अगर टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका में 10 दिन पहले बिताए होते तो टेस्ट सीरीज के परिणाम में काफी फर्क देखने को मिलता। टीम का ध्यान इस बात पर है कि इंग्लैंड में पर्याप्त समय मिले ताकि खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करके सीरीज जीत सकें।'
उन्होंने आगे कहा, 'ज्यादातर खिलाड़ियों को इंग्लैंड में तैयारी करने का मौका मिलेगा तो वह सीरीज के लिए पूरी तरह तैयार रहेंगे। इंग्लैंड में ही 50 ओवर का वर्ल्ड कप होना है, इसलिए यह दौरा काफी महत्वपूर्ण होगा।'