सूर्यकुमार टी20 में आईसीसी रैंकिंग में नंबर वन बल्लेबाज हैं और इसी वजह से इस बल्लेबाज को हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए उप-कप्तान के पद पर पदोन्नत किया गया था। शुक्रवार को सूर्यकुमार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज के लिए भारत की टेस्ट टीम में शामिल किया गया। चेतन शर्मा के नेतृत्व वाली नई चयन समिति सूर्यकुमार के मौजूदा फॉर्म को देखते हुए टेस्ट टीम में उन्हें शामिल किया। वह इससे पहले 2021 में कानपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान कवर के तौर पर टीम में शामिल किए गए थे।
श्रीलंका के पूर्व कोच और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर टॉम मूडी ने अब इस स्टार बल्लेबाज की तारीफ की है। उन्होंने कहा- सूर्यकुमार यादव मेरे पसंदीदा टी20 बल्लेबाज हैं। जिस तरह से वह खेलते हैं, वह आकर्षित करता है। यह मुझे तब के समय की बहुत याद दिलाता है ... जब मैं एक युवा क्रिकेटर था और विवियन रिचर्ड्स को पसंद करता था। वह उस तरह के खिलाड़ी हैं जो मैच को नियंत्रण में रखते हैं और अकेले दम पर मैच पलट सकते हैं।
सूर्यकुमार को अंतिम एकादश में मौका मिलेगा या नहीं इसकी भविष्यवाणी नहीं की जा सकती, लेकिन भारतीय पिचों पर स्पिनरों के खिलाफ उनकी तकनीक प्रशंसा के काबिल है।ऋषभ पंत के टीम में नहीं होने से भारत को मध्य क्रम में उस एक्स-फैक्टर की कमी खल रही है, जो खेल को एक सेशन में विपक्षी टीम से दूर ले जा सकता है। इसलिए बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए 17 सदस्यीय टीम में सूर्या का शामिल होना एक स्वागत योग्य कदम है।
सूर्यकुमार ने हाल ही में मुंबई के लिए दो रणजी मैच खेले। हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने 90 और सौराष्ट्र के खिलाफ 95 रन बनाए। सूर्या ने 79 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं, जिसमें लगभग 45 की औसत से 5549 रन बनाए हैं। इसके अलावा पंत के रिप्लेसमेंट के तौर पर विकेटकीपर ईशान किशन को भी स्क्वॉड में शामिल किया गया है। वहीं, केएस भरत उनके कवर हो सकते हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि दोनों में से कौन खेलेगा।