टीम इंडिया के खिलाड़ी अब बिजनस क्लास में हवाई यात्रा कर सकेंगे। आखिरकार बीसीसीआई ने टीम इंडिया के खिलाड़ियों की बात मान ही ली है। अब टीम इंडिया के खिलाड़ी इकॉनमी क्लास की बजाय बिजनस क्लास में हवाई सफर करेंगे। दरअसल, बोर्ड ऑफ कंट्रोल फॉर क्रिकेट इन इंडिया (बीसीसीआई) की एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद ये फैसला लिया गया है। गौरतलब हो कि हाल के दिनों में सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त की गई कमेटी ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन (सीओए) ने भी यही प्रस्ताव रखा था।
बता दें कि विराट कोहली समेत टीम इंडिया के कई खिलाड़ियों ने बोर्ड से इकॉनमी क्लास में सफर करने की चुनौतियों को लेकर शिकायत की थी। कुछ खिलाड़ियों ने खुद को भीड़ से घिरने का हवाला दिया था, तो वहीं कुछ लंबे कद के खिलाड़ियों ने यह शिकायत की थी कि इकॉनमी क्लास में उनके पास आराम से बैठने लायक स्पेस नहीं होता है। इसमें कुछ शिकायतें यात्रियों द्वारा सेल्फी, सीट स्पेस को लेकर भी की गईं थी।
पढ़ेंः- श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में इस रणनीति के साथ उतरेगी टीम इंडिया
मालूम हो कि इससे पहले बिजनेस क्लास में सफर की सुविधा सिर्फ टीम के कैप्टन और कोच को थी। हालांकि इस संबंध में कुछ समय पहले टीम इंडिया के पूर्व कप्तान कपिल देव ने बोर्ड को यह सलाह भी दी थी कि बीसीसीआई के पास खुद का विमान होना चाहिए, जिससे खिलाड़ियों का काफी समय बचेगा। कपिल ने तब कहा था कि इससे क्रिकेटर्स को सफर करने में आसानी होगी और बोर्ड को इस योजना को 5 साल पहले ही अमल में लाना चाहिए था।
बता दें कि इस संबंध में खिलाड़ियों ने बीसीसीआई से अपील की थी, जिसे क्रिकेट बोर्ड ने स्वीकार कर लिया है। खिलाड़ियों के इस प्रस्ताव को बीसीसीआई में सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त प्रशासनिक समिति (CoA) के साथ दिल्ली में आयोजित हुई बैठक में मंजूरी मिली है। बीसीसीआई के कार्यकारी अध्यक्ष सीके खन्ना ने एएनआई को बताया कि, 'किसी सीरीज की शुरुआत और अंत में खिलाड़ियों को बिजनेस क्लास में सफर की मंजूरी का प्रस्ताव सीओए की मीटिंग में पास हो गया है।'