भारत के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर और 2011 वनडे विश्व कप के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे युवराज सिंह ने भारतीय टेस्ट टीम के भविष्य के कप्तान को लेकर बयान दिया है। युवी का मानना है कि आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी कर रहे ऋषभ पंत भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी कर सकते हैं। युवराज ने कहा कि वह पंत को टेस्ट टीम की कप्तानी करते हुए देखना चाहते हैं।
युवी ने 'स्पोर्ट्स 18' से बातचीत में कहा कि पंत के अंदर कप्तान बनने की काबिलियत है। विकेटकीपर एक अच्छा सोचने और स्ट्रैट्जी बनाने वाला खिलाड़ी होता है। वह चीजों को नजदीक से देखता और उसी मुताबिक रणनीति तैयार कर सकता है। युवराज ने महेंद्र सिंह धोनी का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे धोनी ने कप्तान बनकर गेम चलाया, वैसे ही पंत भी गेम चला सकते हैं।