सम्मान समारोह समाप्त होने के बाद खिलाड़ियों ने वानखेड़े स्टेडियम के चारों ओर चक्कर काटे और लैप ऑफ ऑनर लिया। इस दौरान टीम के सदस्यों ने प्रशंसकों का आभार जताया और दर्शकों के साइन की हुई गेंदें दी।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने सम्मान समारोह के दौरान भारतीय टीम के खिलाड़ियों को 125 करोड़ रुपये का चेक दिया। टीम की जीत के बाद बीसीसीआई सचिव जय शाह ने भारतीय टीम के सदस्यों के लिए 125 करोड़ रुपये की इनामी राशि की घोषणा की थी।
कोहली ने रोहित के भावुक होने को लेकर कहा, मैं इंटरनेट ब्रेक करने के बारे में नहीं जानता, लेकिन 15 साल के करियर में मैंने रोहित को इतना इमोशनल होते हुए नहीं देखा। मैं ड्रेसिंग रूम जा रहा था और रोहित बाहर निकल रहे थे। दोनों इमोशनल थे और एक दूसरे को हग किया। वह पल मेरे लिए खास रहेगा।
कोहली ने कहा, जब 2007 या 2011 में हमने विश्व कप जीता था तो सीनियर खिलाड़ी खूब रोए थे, लेकिन मैं उनसे कनेक्ट नहीं कर पाया था और सोच रहा था कि क्यों इमोशनल हो रहे हैं। लेकिन अब जब हम सीनियर हो चुके हैं तो हम उसे महसूस कर सकते हैं। चाहे मैं हूं या रोहित दोनों पिछले काफी समय से ट्रॉफी जीतने में लगे थे। पहले मेरी कप्तानी में और फिर रोहित की कप्तानी में। हम दोनों इस ट्रॉफी को जीतने के लिए बेताब थे, लेकिन किसी न किसी वजह से हम जीत नहीं पा रहे थे। अब जब हम जीते हैं तो हमारे लिए यह खास है। जीत कर वापस से वानखेड़े आना हमारे लिए खास है।
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर कोहली ने कहा, मैं चाहूंगा कि सभी एक ऐसे खिलाड़ी के लिए ताली बजाएं, जिसने हर मैच में हमारी वापसी कराई वो हैं जसप्रीत बुमराह। फाइनल में आखिरी पांच ओवर में से दो ओवर गेंदबाजी की और गजब की वापसी कराई। बुमराह सदियों में से मिलने वाले एक गेंदबाज हैं। उनके लिए यह विश्व कप शानदार रहा है। मुझे पता था मैच के बाद कि अब युवाओं को मौका देने का समय आ गया है।
विराट कोहली ने कहा, मैं फैंस को थैंक यू कहना चाहूंगा। ये ऐसी चीज है जो मैं कभी नहीं भूलूंगा। पिछले चार दिन शानदार रहे हैं। हम बारबाडोस से जल्द से जल्द वापस आना चाहते थे, लेकिन बेरिल ने रोक लिया। हमारे लिए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल भी स्पेशल था। हर फैन की तरह हमें भी लगा था कि मैच फिसल रहा है, लेकिन आखिरी पांच ओवर में हमने बाजी पलट दी।
रोहित शर्मा के फोन कॉल को लेकर द्रविड़ ने कहा, मैं वनडे विश्व कप के बाद श्योर नहीं था। वनडे विश्व कप में फाइनल छोड़कर हमारा अभियान शानदार रहा था। हालांकि, फाइनल हारने के बाद मैं निराश था। ऐसे में रोहित का मेरे पास कॉल आया और उन्होंने कहा राहुल एक लास्ट चांस देते हैं खुद को। अगले छह-सात महीने में एक टूर्नामेंट है, उसको साथ करते हैं। मैं उस कॉल के लिए रोहित का आभारी रहूंगा।
मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने कहा, ये खिलाड़ी क्या मायने रखते हैं। ये खिलाड़ी मेरे लिए परिवार हैं। इन खिलाड़ियों ने जो किया है, वह अतुलनीय है। यह कड़ी मेहनत का नतीजा है। इन खिलाड़ियों ने हमेशा बेहतर होने पर ध्यान दिया। रोहित ने इस टीम की कप्तानी की और मुझे गर्व है कि मैंने इस टीम को कोच किया। मैं इस प्यार को मिस करूंगा। जिस तरह का प्यार आज मिला, जब से हमने लैंड किया है, लोगों ने जो प्यार दिया है, वह शानदार है। क्रिकेट आज जो कुछ भी है, वह फैंस के प्यार और उनके जुनून की वजह से है।
रोहित ने कहा, जैसा कि मैंने बताया कि जैसा हम खिलाड़ियों को विश्व कप जीतने का जुनून था, वैसा ही जुनून फैंस के मन में भी था। जो हमने 29 जून को किया, उससे फैंस के चेहरे पर खुशी आई। यह स्पेशल टीम है और मुझे गर्व है कि मैंने इस टीम की कप्तानी की।
भारतीय कप्तान ने कहा, मुझे इस टीम पर गर्व है। इसमें जो खिलाड़ी हैं उनको जब मौका मिला उन्होंने अपने दम पर मैच में हमारे लिए वह काम किया। इसके अलावा सपोर्ट स्टाफ, कोचिंग टीम, सबने इस जीत में काफी योगदान दिया है।
रोहित ने कहा, हार्दिक ने हमारे लिए आखिरी ओवर में गेंदबाजी की। चाहे हम कितनी भी रन बना लें, लेकिन अगर अंत अच्छा न हो तो कुछ भी अच्छा नहीं होता। ऐसे में हार्दिक ने हमारे लिए बखूबी वह काम किया। हमने आखिरी ओवर में काफी बातचीत की। फिर हार्दिक ने हमारे लिए वह ओवर डाला। फिर वह कैच उठा मिलर का और सूर्या ने कमाल का कैच लिया। यह पल शानदार था। सब कुछ ऊपर वाले ने तय कर रखा था। ट्रेनिंग में हमारे खिलाड़ियों को कड़ी मेहनत कराई जाती है और सूर्या ने ऐसा ही किया।
रोहित ने कहा, मेरे लिए हर विश्व कप स्पेशल रहा है। 2007 में हमने ही दुनिया को दिखाया था कि कैसे इस का विश्व कप जीतते हैं। 2011 में हम वानखेड़े में जीते, इसलिए वह भी खास रहा। 2013 में भी हमने चैंपियंस ट्रॉफी जीती और वानखेड़े में इसका जश्न मनाया, वह भी हमारे लिए खास था।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को जैसे ही स्टेज पर बुलाया गया और रोहित बोलने के लिए खड़े हुए वानखेड़े पर मौजूद प्रशंसक झूम उठे और उन्होंने रोहित-रोहित के नारे लगाए। रोहित ने अपने संबोधन में कहा- यह ट्रॉफी जीतनी हमारे लिए महत्व रखती है, उतनी ही पूरे देश की है। यह ट्रॉफी मैं प्रशंसकों को समर्पित करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मिलना काफी विशेष रहा, लेकिन जब भी हमने ट्रॉफी जीती है मुंबई ने कभी भारतीय टीम को निराश नहीं किया है। 11 साल से सभी प्रशंसक खिताबी सूखे का इंतजार कर रहे थे और आखिरकार यह इंतजार समाप्त हुआ। मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि क्या बोलूं। सभी फैंस को शुक्रिया। जब से हम भारत आए हैं , वह शानदार रहा है। जिस तरह से हमें रिसेप्शन मिला वह देखकर आपको लगा होगा कि यह कितना शानदार है। मुंबई में हमारा स्वागत शानदार रहा। जिन लोगों ने हमारा समर्थन किया 11 साल तक ट्रॉफी का इंतजार किया, उन सभी को शुक्रिया।
मरीन ड्राइव से शुरू हुआ विजय जुलूस वानखेड़े स्टेडियम पहुंचने के साथ ही समाप्त हो गया। वानखेड़े पर भारतीय खिलाड़ियों का सम्मान समारोह शुरू हो गया है। टीम के सभी सदस्य वानखेड़े स्टेडियम पर मौजूद हैं और यहां भी प्रशंसकों की भारी भीड़ मौजूद है। बीसीसीआई के पदाधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद हैं और वे टी20 विश्व कप की विजेता टीम का सम्मान करेंगे तथा 125 करोड़ रुपये की इनामी राशि देंगे।
भारतीय टीम के खिलाड़ी वानखेड़े स्टेडियम पर पहुंचने के बाद जमकर थिरके। इस दौरान हार्दिक पांड्या ट्रॉफी के साथ नजर आए।
विजय जुलूस समाप्त होने के बाद भारतीय खिलाड़ी वानखेड़े स्टेडियम पहुंच चुके हैं। स्टेडियम में प्रवेश करते वक्त भारतीय टीम के ऑलराउंडर शिवम दुबे खुशी से झूम उठे और थिरकने लगे। उनके साथ सूर्यकुमार यादव भी मौजूद थे। विजय परेड के दौरान खिलाड़ी काफी उत्साहित नजर आए और प्रशंसकों के साथ इस जीत का जश्न मनाया।
विजय जुलूस के बाद वानखेड़े स्टेडियम पहुंचने पर भारतीय खिलाड़ियों ने वहां मौजूद प्रशंसकों का आभार जताया। भारी संख्या में मरीन ड्राइव से लेकर वानखेड़े स्टेडियम तक प्रशंसक भारतीय टीम के स्वागत में खड़े रहे और इस दौरान खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। भारतीय खिलाड़ियों ने भी प्रशंसकों को निराश नहीं किया और उनके साथ विश्व विजेता बनने का जश्न मनाया। टीम अब वानखेड़े स्टेडियम पहुंच गई है जहां उनका सम्मान होगा।
भारतीय टीम मरीन ड्राइव से विजय जुलूस के बाद वानखेड़े स्टेडियम पहुंच गई है। वानखेड़े पर बीसीसीआई विश्व विजेता टीम के खिलाड़ियों का सम्मान करेगा। बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने पहले ही टीम के लिए 125 करोड़ रुपये की इनामी राशि घोषित की थी। वानखेड़े स्टेडियम पर भी प्रशंसकों का भारी हुजूम मौजूद है।
टी20 विश्व कप की विजेता भारतीय टीम के स्वागत के लिए आयोजित विजय जुलूस में मुंबई में जनसैलाब उमड़ पड़ा जिससे दक्षिण मुंबई का यातायात पूरी तरह से ठप्प हो गया।
मुंबई में जारी विजय जुलूस के दौरान भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली काफी जोश में नजर आए। इस दौरान कोहली खुशी में थिरकते भी दिखे। वहीं, रोहित ने कोहली के साथ मिलकर प्रशंसकों के सामने ट्रॉफी उठाई जिससे वहां मौजूद लोगों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। इस दौरान भारतीय टीम के अन्य खिलाड़ियों ने भी रोहित और कोहली का उत्साह बढ़ाया।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली विजय जुलूस के दौरान फैंस के सामने एक दूसरे से गर्मजोशी से गले मिले और काफी उत्साह में नजर आए। इन दो दिग्गज खिलाड़ियों को साथ देखकर वहां मौजूद प्रशंसक काफी उत्साह में नजर आए। मालूम हो कि फाइनल मैच जीतने के बाद कोहली और रोहित ने टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास लेने की घोषणा की थी। रोहित और कोहली को साथ में देखकर प्रशंसकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया और ये दोनों खिलाड़ी भी काफी खुश नजर आए।
बीसीसीआई ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है और प्रशंसकों का टीम को लगातार समर्थन देने के लिए आभार जताया है। वीडियो में मरीन ड्राइव पर भारी संख्या में प्रशंसकों की भीड़ दिख रही है।
भारतीय टीम के सदस्य विजय जुलूस के दौरान इस पल को अपने कैमरे पर कैद करते नजर आए। दूसरी तरफ सड़कों के दोनों किनारे भारी संख्या में मौजूद प्रशंसक भी खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए बेताब नजर आ रहे हैं और इस पल को अपने फोन पर कैद कर रहे हैं। बीच-बीच में विराट कोहली, हार्दिक पांड्या और मोहम्मद सिराज प्रशंसकों का उत्साह बढ़ा रहे हैं।
भारतीय टीम का मुंबई में विजय जुलूस जारी है और टीम के सदस्य खुली बस में धीरे-धीरे वानखेड़े स्टेडियम की ओर बढ़ रहे हैं। रास्ते के दोनों ओर भारी संख्या में प्रशंसक विश्व विजेता खिलाड़ियों का अभिवादन कर रहे हैं और खिलाड़ी भी प्रशंसकों का जोश बढ़ा रहे हैं। विजय जुलूस के दौरान कोहली ट्रॉफी लेकर जोश में दिखे और उन्होंने प्रशंसकों का उत्साह बढ़ाया। बस में कप्तान रोहित शर्मा, मुख्य कोच राहुल द्रविड़, हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ी भी मौजूद हैं। हार्दिक खुशी में झूम रहे हैं और लगातार प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार कर रहे हैं।
बीसीसीआई के सचिव जय शाह विजय जुलूस के दौरान भारतीय टीम की जर्सी पहने दिख रहे हैं और काफी जोश में नजर आ रहे हैं। विजय जुलूस अब धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है और भारी संख्या में प्रशंसक टीम मौजूद हैं।
मरीन ड्राइव से विजय जुलूस शुरू हो गया है और टी20 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य ट्रॉफी के साथ खुली बस में चढ़ गए हैं। मरीन ड्राइव पर प्रशंसकों की भारी भीड़ है और वहां मौजूद लोग कोहली-कोहली के नारे लगा रहे हैं। भारतीय टीम के खिलाड़ी इस दौरान मरीन ड्राइव पर मौजूद प्रशंसकों का हाथ हिलाकर अभिवादन कर रहे हैं। मरीन ड्राइव पर भीड़ इतनी ज्यादा है कि बस आगे नहीं बढ़ पा रही है। टीम के खिलाड़ी तिरंगा हाथ में लिए खुली बस में खड़े हैं और प्रशंसकों का उत्साह बढ़ा रहे हैं। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ट्रॉफी पकड़े हुए हैं और प्रशंसकों को दिखा रहे हैं, जबकि उनके ठीक बगल में युजवेंद्र चहल तिरंगा लिए खड़े हैं।
मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम विश्व कप विजेता टीम के खिलाड़ियों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। मरीन ड्राइव से विजय जुलूस के बाद भारतीय टीम के सदस्य वानखेड़े स्टेडियम पहुंचेंगे जहां बीसीसीआई के पदाधिकारी टीम का सम्मान करेंगे। स्टेडियम में दोपहर से ही प्रशंसकों का आना शुरू हो गया था।
महाराष्ट्री के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई पुलिस आयुक्त को मरीन ड्राइव और वानखेड़े स्टेडियम में एकत्र हुए भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के लिए यातायात का कोई कुप्रबंधन या असुविधा ना हो यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मरीन ड्राइव पर सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी है और पुलिस ने भीड़ को संभालने के लिए बैरेकेड लगाए हुए हैं। कुछ ही देर में भारतीय टीम मरीन ड्राइव पहुंचेगी जिसके बाद विजय जुलूस शुरू होगा जो वानखेड़े स्टेडियम पर जाकर समाप्त होगा। बारिश के बावजूद प्रशंसक खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए इंतजार कर रहे हैं।
मरीन ड्राइव पर प्रशंसक रोहित शर्मा और विराट कोहली के कटआउट हाथ में लेकर नजर आए। भारी संख्या पर प्रशंसक भारतीय टीम का इंतजार कर रहे हैं। बीसीसीआई ने भी मुंबई की जनता का अभिवादन करते हुए पोस्ट किया है।
भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने मुंबई पहुंचने के बाद टीम बस से टी20 विश्व कप ट्रॉफी के साथ अपनी फोटो शेयर की है। हार्दिक ने फोटो शेयर करते हुए लिखा, वानखेड़े आपसे जल्द ही मिलेंगे।
भारतीय टीम मुंबई एयरपोर्ट से रवाना हो चुकी है और जल्द ही टीम के खिलाड़ी मरीन ड्राइव पहुंचेंगे। मरीन ड्राइव पर प्रशंसकों की भारी भीड़ मौजूद है।
भारतीय टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या टी20 विश्व कप ट्रॉफी के साथ मुंबई एयरपोर्ट के बाहर आए और उन्होंने प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार किया। हार्दिक के हाथों में ट्रॉफी देखकर प्रशंसक काफी खुश हुए।
भारतीय टीम के सदस्य मुंबई एयरपोर्ट से निकल चुके हैं और मरीन ड्राइव की ओर बढ़ रहे हैं। मरीन ड्राइव से ही विजय जुलूस शुरू होगा जहां से टीम के सदस्य विश्व कप ट्रॉफी के साथ खुली बस में वानखेड़े स्टेडियम जाएंगे। वानखेड़े स्टेडियम पर विश्व विजेता भारतीय टीम का सम्मान किया जाएगा।
भारतीय टीम के साथ ही बीसीसीआई के पदाधिकारी भी मुंबई पहुंच चुके हैं। बीसीसीआई के सचिव जय शाह और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला मुंबई एयरपोर्ट से निकल चुके हैं। टीम अब से कुछ ही देर में खुली बस में चढ़ेगी जिसके बाद विजय जुलूस की शुरुआत होगी।
भारतीय टीम के सदस्य मुंबई एयरपोर्ट के बाहर आ गए हैं और इस दौरान सूर्यकुमार यादव हाथों में टी20 विश्व कप की ट्रॉफी लेते नजर आए। एयरपोर्ट के बाहर प्रशंसकों की भारी भीड़ है। एयरपोर्ट के बाहर खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए प्रशंसक बेसब्री से इंतजार कर रहे थे और जैसे ही खिलाड़ी बाहर आए भारी संख्या में प्रशंसकों का हुजूम उमड़ पड़ा और फैंस ने गर्मजोशी से विश्व विजेता टीम के सदस्यों का स्वागत किया। यहां से टीम के सदस्य नरीमन प्वाइंट जाएंगे जहां खुली बस में चढ़कर वानखेड़े स्टेडियम तक पहुंचेंगे। मरीन ड्राइव पर लोगों का जमावड़ा मौजूद है।
भारतीय टीम के सदस्य मुंबई पहुंच चुके हैं और थोड़ी देर में मरीन ड्राइव से वानखेड़े स्टेडियम तक विजय जुलूस निकाला जाएगा। टीम की फ्लाइट जैसे ही मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड हुई, उस वक्त टीम के सम्मान में फ्लाइट को वाटर कैनन सैल्यूट दिया गया।
मुंबई के मरीन ड्राइव पर भारी संख्या में प्रशंसक भारतीय टीम का इंतजार कर रहे हैं। इस दौरान प्रशंसकों में गजब का उत्साह दिख रहा है और लोग टीम के समर्थन में नारे लगा रहे हैं।
मुंबई के मरीन ड्राइव पर भारी संख्या में प्रशंसकों का जमावड़ा लग गया है। ये सभी प्रशंसक टी20 विश्व कप विजेता टीम के सदस्यों का इंतजार कर रहे हैं। वीडियो में मरीन ड्राइव पर प्रशंसकों का हुजूम देखा जा सकता है।
वानखेड़े स्टेडियम पर हार्दिक पांड्या के समर्थन में प्रशंसक जोर-जोर से नारे लगा रहे हैं। हार्दिक ने टी20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले के अंतिम ओवर में दक्षिण अफ्रीका को 16 रन नहीं बनाने दिए थे। मालूम हो कि आईपीएल 2024 में इसी वानखेड़े स्टेडियम पर हार्दिक की जमकर हूटिंग की गई थी, लेकिन अब प्रशंसक हार्दिक-हार्दिक के नारे लगा रहे हैं।
मुंबई एयरपोर्ट पर प्रशंसकों की भारी भीड़ मौजूद है जो सभी अपने चहेते क्रिकेटरों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। भारतीय टीम के सदस्य कुछ ही देर में मुंबई पहुंचेंगे जिसके बाद विजय जुलूस शुरू होगा। मुंबई में इसे लेकर प्रशंसकों में काफी जोश है और मरीन ड्राइव से लेकर वानखेड़े स्टेडियम तक लोगों की भारी भीड़ मौजूद है।
भारतीय क्रिकेट टीम के प्रशंसक वानखेड़े स्टेडियम के बाहर भारी संख्या में मौजूद हैं और खुशी से झूम रहे हैं। ये फैंस भारतीय टीम के सदस्यों का इंतजार कर रहे हैं।
मुंबई में बारिश हो रही है इसके बावजूद वानखेड़े स्टेडियम पर प्रशंसक विश्व विजेता टीम का इंतजार कर रहे हैं। भारतीय टीम कुछ ही देर में मुंबई पहुंचने वाली है जिसके बाद परेड शुरू होगी। इससे पहले, वानखेड़े स्टेडियम पर प्रशंसकों का जुटना शुरू हो गया है और पूरा स्टेडियम खचाखच भरा नजर आ रहा है।
भारतीय टीम के सदस्यों ने मुंबई में विजय परेड में हिस्सा लेने से पहले गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधनामंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इसके वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं जिसमें पीएम मोदी विश्व विजेता टीम के सदस्यों के साथ चर्चा करते दिख रहे हैं। इस दौरान कप्तान रोहित शर्मा और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने विश्व कप ट्रॉफी लेकर प्रधनामंत्री मोदी के साथ तस्वीर खिंचवाई।
भारतीय टीम कुछ ही देर में मुंबई पहुंचने वाली है जहां टीम को विजय परेड में हिस्सा लेना है। इसकी शुरुआत मुंबई के मरीन ड्राइव से होगी जहां प्रशंसकों का जुटना शुरू हो गया है। भारतीय प्रशंसक काफी जोश में हैं और तिरंगा लेकर मरीन ड्राइव पर विश्व विजेता खिलाड़ियों का इंतजार कर रहे हैं।
पुलिस ने टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम के गुरुवार शाम को मुंबई में होने वाले रोड शो के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। खिलाड़ियों की झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसकों के एकत्रित होने की उम्मीद है।
भारतीय टीम के सम्मान के लिए मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर प्रशंसकों का पहुंचना शुरू हो गया है। विजयी परेड के बाद विजेता टीम के सदस्य वानखेड़े पर आएंगे जहां उनका सम्मान किया जाएगा।
भारतीय टीम के सदस्य जिस खुली बस में विजयी परेड करेंगे वो तैयार है। यह परेड मरीन ड्राइव से शुरू होकर वानखेड़े स्टेडियम तक चलेगी और इस दौरान प्रशंसक विश्व विजेता टीम का अभिवादन करेंगे।
Team India Victory Parade Road Show Live Updates : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। टी20 विश्व कप की विजेता टीम भारत पहुंच चुकी है और टीम के सदस्यों ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर ली है। अब टीम मुंबई में विजयी परेड में शामिल होगी जहां प्रशंसक टीम के साथ वानखेड़े स्टेडियम जाएंगे। भारतीय टीम खुली बस में होगी।