वहीं पिछले मैच में निराश करने वाले तेज गेंदबाज
जयदेव उनाडकट ने 4 ओवर में 38 रन देकर तीन अहम विकेट हासिल किए। वहीं युवा खिलाड़ी विजय शंकर के खाते में दो विकेट आए। मैच का परिणाम सामने आने के बाद दाएं हाथ के मीडियम पेसर विजय शंकर, टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा और बांग्लादेशी कप्तान महमदुल्लाह ने मैच में हार-जीत के अंतर को अपने शब्दों में बयां किया।
विजय शंकर
4 ओवर में 32 रन देकर दो कीमती विकेट लेने वाले टीम इंडिया के युवा ऑलराउंडर विजय शंकर ने कहा, 'बांग्लादेश के खिलाफ गेंदबाजी में अपने प्रदर्शन से मैं काफी खुश हूं। गेंदबाजी करने के लिए यह काफी अच्छी विकेट थी। विकेट पर बल्लेबाजों को शॉर्ट ऑफ लेंथ डिलीवरी खेलने में काफी परेशानी हो रही थी। हमने नई गेंद के साथ बीच के ओवरों में काफी बेहतर प्रदर्शन किया। अब टीम अगले मैच में भी पूरी रणनीति के साथ मैदान पर उतरेगी।'
महमदुल्लाह
बांग्लादेश के कप्तान महमदुल्लाह ने कहा, 'टीम इंडिया के खिलाफ हमारी बल्लेबाज अच्छी नहीं रही। हमें करीब 30 रन और स्कोर बोर्ड पर लगाने चाहिए थे। इस विकेट पर रन कैसे स्कोर किए जाएं, इसके बारे में हमें सोचना होगा। हालांकि गेंदबाजों ने अपना काम अच्छा किया। इस समय एक जीत हमारी टीम में फिर से नई जान फूंक सकती है।'
रोहित शर्मा
टीम इंडिया के कप्तान
रोहित शर्मा ने कहा, 'दूसरे मैच में टीम के प्रदर्शन से मैं काफी खुश हूं। हमने जैसा सोचा था शुरू से लेकर आखिर तक बिल्कुल वैसा ही हुआ। हमने श्रीलंका के खिलाफ हुई अपनी गल्तियों पर ध्यान दिया, जिससे हमें काफी मदद मिली। टीम के सभी गेंदबाजों ने भी अपना काम अच्छा किया। हालांकि टीम के फील्डिंग एफर्ट से मैं थोड़ा दुखी हूं। इस डिपार्टमेंट में अभी हमें और काम करना होगा।'