ईडन गार्डंस 03 जनवरी से होने वाले दूसरे वन-डे मैच के लिए भारत और पाकिस्तान की टीम सोमवार को कोलकाता पहुंची। बंगाल क्रिकेट संघ के एक सूत्र ने बताया कि भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, कोच डंकन फ्लेचर, आलराउंडर रविंद्र जडेजा, यहां के स्थानीय खिलाड़ी मीडियम पेसर अशोक डिंडा और मोहम्मद सामी कोलकाता पहुंच गए जबकि टीम इंडिया के अन्य खिलाड़ी मंगलवार को यहां पहुंचेंगे।
खिलाड़ी चेन्नई से यहां एक चार्टड फ्लाइट से आए और कड़ी सुरक्षा के बीच सीधे होटल चले गए। सोमवार को खिलाड़ी होटल में रहे या फिर नए साल की पार्टी में व्यस्त रहे। मंगलवार को दोनों टीमें ईडन गार्डंस पर अभ्यास करेगी।
उल्लेखनीय है कि तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में पाकिस्तान ने छह विकेट से जीत दर्ज की थी। इससे पहले दो मैचों की टी20 सीरीज 1-1 से बराबर पर संपन्न हुई थी। पाकिस्तान टीम पांच साल बाद द्विपक्षीय सीरीज खेलने के लिए भारत दौरे पर आई है।