टीम इंडिया अगर इंग्लैंड को आगामी चार टेस्ट मैचों की सीरीज में 2-0 या इससे अधिक के अंतर से हरा देगा तो मेजबान टीम आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में दो पायदान की छलांग के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच जाएगी। वहीं, इंग्लैंड की टीम अगर मेजबान टीम को अहमदाबाद में बृहस्पतिवार से शुरू हो रही सीरीज में 3-0 या इससे अधिक अंतर से हरा देगी तो वह शीर्ष स्थान पर पहुंचने में सफल रहेगी। इंग्लैंड ने भारत में 1984-85 से पहली टेस्ट सीरीज जीतने की कोशिश करेगी।
इंग्लैंड ने कुछ महीने पहले ही दक्षिण अफ्रीका से अपना पहला स्थान गंवा दिया था। हालांकि एलिस्टर कुक की अगुआई वाली इंग्लैंड की टीम का शीर्ष पर वापसी करना प्रतिद्वंद्वी टीम आस्ट्रेलिया की मदद पर भी निर्भर करेगा। आस्ट्रेलियाई टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेल रही है। अगर आस्ट्रेलियाई टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 1-0, 2-0 या 2-1 से जीत जाती है तो वह नंबर वन टेस्ट टीम बन जाएगी।