जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज में 3-0 के अंतर से जीत हासिल करने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने जमकर जीत का जश्न मनाया। कप्तान लोकेश राहुल से लेकर शिखर धवन और ईशान किशन तक सभी खिलाड़ियों ने खूब मस्ती की। इस दौरान शुभमन गिल ने भी खूब डांस किया। सीरीज जीत के बाद सभी खिलाड़ियों ने काला चश्मा गाने पर जमकर ठुमके लगाए। शुभमन गिल ने इस सीरीज में कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने तीसरे वनडे में 130 रन की पारी खेली। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह उनका पहला शतक था।
शानदार बल्लेबाजी के लिए गिल को तीसरे मैच में प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। उन्होंने इस सीरीज में 245 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब भी हासिल किया। इसके साथ ही गिल ने वनडे टीम में अपनी दावदारी और मजबूत की है। उन्होंने विराट कोहली के लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं, क्योंकि कोहली भी इसी क्रम पर खेलते हैं और लंबे समय से बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं।
शिखर धवन ने शेयर किया वीडियो
सीरीज जीत के बाद टीम इंडिया के जश्न का वीडियो शिखर धवन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। इस वीडियो की शुरुआत में कप्तान लोकेश राहुल और शिखर धवन कैमरे से हाथ हटाते हैं और बाकी खिलाड़ी मजाक में ईशान किशन की पिटाई कर देते हैं। इसके बाद डांस शुरू होता है। काला चश्मा गाने पर सभी खिलाड़ी डांस करते हैं और ईशान किशन सभी को रोक देते हैं। किशन डांस का नया स्टेप लेकर आते हैं और सभी उसी अंदाज में डांस करने लगते हैं।
भारतीय टीम के फैंस को यह वीडियो बहुत पसंद आ रहा है और सोशल मीडिया पर इसे खूब शेयर किया जा रहा है। हालांकि, भारत की वनडे टीम को अब आराम करना है और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में ही यह टीम खेलेगी।
अब एशिया कप में पाकिस्तान से भिड़ेगा भारत
भारत का अगला मुकाबला एशिया कप में पाकिस्तान के साथ है। 28 अगस्त को होने वाले इस मैच में भारतीय वनडे टीम के कई खिलाड़ी खेल सकते हैं। भारत यह मैच जीतकर पाकिस्तान से 2021 टी20 विश्व कप में मिली हार का बदला लेना चाहेगा। पिछले साल पाकिस्तान ने दुबई के मैदान में भारत को 10 विकेट से हराया था। यह पहला मौका था, जब टीम इंडिया विश्व कप के किसी मुकाबले में पाकिस्तान से हारी थी। अब भारत इसी मैदान पर पाकिस्तान को हराकर जीत हासिल करना चाहेगा।