भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी और आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान रह चुके दिनेश कार्तिक ने कमेंट्री के दौरान महिलाओं को लेकर आपित्तजनक टिप्पणी की। जिसके बाद बुरी तरह फंस गए। अपनी कमेंट्री के दौरान कार्तिक ने बल्ले की तुलना पड़ोसी की बीवी से की थी। दिनेश कार्तिक ने यह टिप्पणी इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच खेले गए मैच के दौरान की। मामला बढ़ता देख दिनेश कार्तिक ने अब माफी मांगी ली है।
दिनेश कार्तिक इस समय इंग्लैंड में हैं और वह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के बाद इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच खेली गई एकदिवसीय सीरीज में कमेंट्री कर रहे थे। बीते गुरुवार को इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच दूसरा मैच खेला गया इसी मैच में कार्तिक ने ये टिप्पणी की थी।
दिनेश कार्तिक ने अपनी कमेंट्री के दौरान कहा था, बल्लेबाज और उनके द्वारा अपने बल्ले को पसंद नहीं किया जाना दोनों चीजें साथ-साथ चलती हैं। उन्होंने आगे कहा, ज्यादातर बल्लेबाज अपना बल्ला पसंद नहीं करते, वे दूसरे के बल्ले को ज्यादा बेहतर मानते हैं, ये ठीक उसी तरह है जिस प्रकार हर किसी को अपनी पत्नी नहीं बल्कि पड़ोसी की बीवी अच्छी लगती है।
कार्तिक की इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर उनकी लगातार आलोचना हो रही थी। इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच खेले गए तीसरे एकदिवसीय मैच के दौरान स्काई स्पोर्ट्स के लिए कमेंट्री करते हुए उन्होंने माफी मांगी थी।
इस दौरान दिनेश कार्तिक ने कहा, दूसरे वनडे के दौरान मुझसे जो कुछ हुआ उसके लिए माफी मांगता हूं, मेरा मकसद किसी की भावनाओं को चोट पहुंचाना नहीं था, मेरी टिप्पणी का गलत मतलब निकाला गया, निश्चित तौर पर मैंने जो कहा उसे नहीं कहा जाना चाहिए था, इसके लिए मैं माफी मांगता हूं कि दोबारा ऐसा नहीं होगा।