भारत और ऑस्ट्रेलिया के पांच मैचों की सीरीज का तीसरा वन-डे रविवार यानी आज इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा। सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों में मेजबान टीम ने ऑस्ट्रेलिया को रौंदते हुए 2-0 की बढ़त बना चुकी है। लिहाजा इस बार भी 'विराट टीम' की नजरें इंदौर में इतिहास रचने पर टिकी होगी।
इस मैच को ध्यान में रखते हुए कप्तान विराट कोहली की नजरें एक और खासा रिकॉर्ड बनाने पर होंगी। इस मैच में विराट पूर्व कप्तान एम एस धोनी के रिकॉर्ड की बराबरी कर सकते हैं। गौरतलब है कि विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया लगातार 8 वन-डे मैच जीत चुकी है। जबकि 2008-2009 के बीच एमएस धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने लगातार 9 मैच में जीत हासिल की थी। कोहली जरूर इस रिकॉर्ड को हासिल करना चाहेंगे। यदि कोहली आज तीसरा वन-डे जीत जाते हैं तो वह पूर्व कप्तान धोनी की बराबरी कर लेंगे।
पढ़ेंः- गांगुली ने की कोहली की तारीफ, कहा-इससे तय होगी उनकी 'विराट' विरासत
बता दें कि कोलकाता वन-डे में जीत के साथ ही कोहली ने 37 मैचों में से 29 में जीत हासिल की है। जबकि 7 में हार का सामना करना पड़ा और 1 का कोई भी नतीजा नहीं निकला। फिलहाल विराट की कप्तानी के साथ टीम इंडिया के जीत का प्रतिशत 78.37 है।