ICC टेस्ट रैंकिंग में विराट कोहली की अगुवाई वाली टीम इंडिया की बादशाहत और मजबूत हो चुकी है। दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया से अपना अंतर और बढ़ाते हुए भारतीय क्रिकेट टीम 125 अंकों के साथ शीर्ष पर बरकरार है। 2014-15 की टेस्ट रैंकिंग की गणना से परिणाम निकालने के बाद और 2015-16 से लेकर 2016-17 के परिणामों को 50 प्रतिशत ही महत्व देने के बाद भारत ने दूसरे नंबर पर काबिज दक्षिण अफ्रीका पर 13 अंक की बढ़त ले ली है, जो पहले यह केवल चार अंक की थी।
रेटिंग में भारत से ठीक पीछे 112 अंक के साथ दक्षिण अफ्रीका है। 106 अंक के साथ ऑस्ट्रेलिया तीसरे स्थान पर है। रैंकिंग अपडेट होने के बाद जहां दक्षिण अफ्रीका को 5 अंक का नुकसान हुआ तो ऑस्ट्रेलिया 4 अंक के फायदे के साथ तीसरे पायदान पर है। इसके पहले तीसरे पायदान पर न्यूजीलैंड था। नए अपडेट के बाद न्यूजीलैंड के 102 अंक हैं।