टीम इंडिया के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ ने शनिवार को रोहित शर्मा की दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रही सीरीज में टेस्ट सलामी बल्लेबाज के तौर पर सफलता का श्रेय उनकी मन:स्थिति को दिया। राठौड़ ने कहा, ‘वह इतने अनुभवी खिलाड़ी हैं। मुझे नहीं लगता कि आपको उनकी तकनीक में कुछ बदलाव करने की जरूरत है। सिर्फ एकमात्र तालमेल, मेरे ख्याल से उन्हें सिर्फ खेल की योजना बनाना था।’
बता दें कि बतौर ओपनर बल्लेबाजी करते हुए रोहित शर्मा अब तक पांच पारियों में तीन शतक लगा चुके हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रही सीरीज में रोहित शर्मा को प्रयोग के तौर पर सलामी बल्लेबाजी के लिए भेजा गया था जिसके बाद रोहित ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए कई रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। सीरीज के आखिरी टेस्ट के पहले दिन ही रोहित ने नाबाद शतक बनाया और छक्कों का विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम कर गए।