सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पांच विकेट से मिली जीत में अहम भूमिका निभाने वाले चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कहा कि 160 रनों के लक्ष्य का पीछा करना कठिन था।
‘मैन आफ द मैच’ धोनी ने कहा, ‘इस पिच पर 160 के लक्ष्य का पीछा करना काफी कठिन था। हमने शुरुआत तो अच्छी की थी लेकिन आखिरी ओवरों में हमने बहुत अधिक रन लुटा दिए और इसलिए लक्ष्य बड़ा हो गया। हमारे गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। साथ ही मध्य ओवरों में हमारी बल्लेबाजी धीमी पड़ गई और हमने कई विकेट गंवा दिए। मैच मुझ पर ही नहीं बल्कि दूसरे छोर पर बल्लेबाजी कर रहे खिलाड़ी पर भी निर्भर था।’
धोनी ने जीत के बावजूद कहा कि टूर्नामेंट के इस चरण पर पहुंचने के बाद टीम को प्रदर्शन में गंभीरता लाने की जरूरत है। गेंदबाजों को यार्कर डालना चाहिए और अब खेल में और मजबूती लाने तथा सुधार करने की जरूरत है।