बांग्लादेश के स्टार बल्लेबाज तमीम इकबाल को मैदान के बाहर की घटनाओं की वजह से काउंटी सत्र बीच में छोड़कर स्वदेश वापस लौटना पड़ा है। लंदन में तमीम और उनका परिवार रंगभेद का शिकार हुए हैं।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अनुसार, तमीम इकबाल अपनी पत्नी आयशा सिद्दीक के साथ पूर्वी लंदन के स्ट्रैट्फोर्ड के एक रेस्तरॉ गए। लेकिन उनकी पत्नी ने सिर पर हिजाब पहना हुआ था। इस कारण उन्हें उस रेस्तरॉ से खींचकर बाहर निकाल दिया गया। इस घटना के तत्काल बाद तमीम ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए एसेक्स के साथ अपने काउंटी करार को खत्म कर दिया।
सोमवार को तमीम इकबाल ने इस घटना की जानकारी एसेक्स क्रिकेट को दी। इस घटना से एक दिन पहले तमीम ने केंट के खिलाफ नेटवेस्ट ब्लैश में पदार्पण किया था। घटना के एक दिन बाद उन्होंने एसेक्स के पदाधिकारियों से अनुरोध किया कि उनके कॉन्ट्रेक्ट को खत्म कर दिया जाए। जिसे एसेक्स के अधिकारियों ने तुरंत मान लिया।