आईसीसी टी-20 विश्वकप के पूरे शेड्यूल का एलान 21 जनवरी को किया जाएगा। टी-20 वर्ल्डकप के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से यह जानकारी दी गई है। टी-20 वर्ल्डकप के ट्विटर हैंडल से लिखा गया। 21/01/2022 आईसीसी पुरुष विश्व कप ऑस्ट्रेलिया 2022 का फिक्सचर आ रहा है। इसके साथ ही एक वीडियो शेयर किया गया, जिसमें पिछले विश्वकप की कई बेहतरीन पल दिखाए गए। इस वीडियो के अंत में भी बताया गया कि 21 जनवरी को टी-20 वर्ल्डकप का पूरा शेड्यूल जारी किया जाएगा।
आईसीसी टी-20 विश्व कप 2022 का आयोजन 16 अक्तूबर से 13 नवंबर के बीच किया जाएगा। इस आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी ऑस्ट्रेलिया को दी गई है। ऑस्ट्रेलिया के सात मैदानों में इस टूर्नामेंट के सभी मैच खेले जाएंगे। ये सात मैदान एडिलेड, ब्रिसबेन, गीलॉन्ग, होबार्ड, पर्थ, मेलबर्न और सिडनी हैं।
खिताब बचाने उतरेगी कंगारू टीम
2022 टी-20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया की टीम खिताब बचाने की इरादे से मैदान में उतरेगी। 2021 में यूएई में आयोजित टी-20 विश्वकप में ऑस्ट्रेलिया ने पहली बार यह आईसीसी टूर्नामेंट जीता। फाइनल मैच में कंगारू टीम ने न्यूजीलैंड को हराकर यह खिताब अपने नाम किया। पहले इस टूर्नामेंट का आयोजन 2020 में होना था, लेकिन कोरोना महामारी की वजह से इसे टालना पड़ा था। बाद में इसकी मेजबानी बीसीसीआई को दी गई, लेकिन भारत में भी कोरोना के मामले बढ़ गए। अंत में यूएई में 2021 वर्ल्डकप का आयोजन हुआ।
वेस्टइंडीज दो बार यह खिताब जीतने वाली एकमात्र टीम
वेस्टइंडीज एकमात्र टीम है, जिसने टी-20 वर्ल्डकप का खिताब दो बार अपने नाम किया है। इस टूर्नामेंट की शुरुआत 2007 में हुई थी और भारत ने पहला संस्करण जीता था। इसके बाद पाकिस्तान, श्रीलंका, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड ने यह टूर्नामेंट जीता, लेकिन कोई भी टीम दूसरी बार यह खिताब अपने नाम नहीं कर सकी। सिर्फ वेस्टइंडीज ने 2012 के बाद 2016 में भी यह खिताब अपने नाम किया।