आखिरकार लंबे जद्दोजहद के बाद पाकिस्तान की क्रिकेट टीम ने भारत के लिए उड़ान भर ही ली। पाक टीम दुबई के रास्ते होते हुए आज शाम 8 बजे तक कोलकाता पहुंचेगी।
पाक टीम सरकार से हरी झंडी मिलने के बाद भारत में टी-20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने के लिए रवाना हो गई है। सुरक्षा चिंताओं के कारण पाकिस्तान ने धर्माशाला में 19 को होने वाले भारत और पाक के बीच मैच के आयोजन स्थल की मांग की थी जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) को वर्ल्ड टी-20 मैचों में इस महामुकाबले को धर्मशाला से कोलकाता जाने की घोषणा करनी पड़ी।
पाक मीडिया के अनुसार टीम में कप्तान शाहिद अफरीदी, अहमद शहजाद, शर्जील खान, मोहम्मद हफीज, शोएब मलिक, खालिद लतीफ, सरफराज अहमद, अनवर अली, मोहम्मद सामी, इमाद वसीम, वहाब रियाज, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद इरफान और मोहम्मद आमिर शामिल हैं। कोच वकार यूनुस के साथ-साथ पीसीबी का दूसरा दल भी टीम के साथ मौजूद है।
भारत की तरफ से सुरक्षा का पक्का भरोसा दिए जाने के बाद पाकिस्तानी सरकार ने अपनी क्रिकेट टीम को वर्ल्ड कप में भाग लेने की अनुमति दे दी है। शुक्रवार को नई दिल्ली और इस्लामाबाद में अलग-अलग बैठकों के बाद क्रिकेट पर छाया संकट खत्म हुआ। पहले भारत में पाक के उच्चायुक्त अब्दुल बासित ने गृह सचिव राजीव महर्षि से मुलाकात की।
गृह मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार गृह सचिव ने बासित को भरोसा दिया कि पाकिस्तानी टीम को पूरी सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। पाक की मुख्य चिंता धर्मशाला में मैच को लेकर थी, जिसका समाधान कर दिया गया है। उसे अब केवल कोलकाता और मोहाली में दो-दो मैच खेलने हैं।
महर्षि से मुलाकात के बाद बासित ने मीडिया से कहा कि उन्हें सुरक्षा का पूरा आश्वासन दिया गया है। वह अपनी सिफारिश पाकिस्तान भेज देंगे। अंतिम फैसला वहीं से किया जाएगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने एक बयान जारी कर कहा है कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों के लिए फूल प्रूफ सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने एक बयान जारी कर कहा है कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों के लिए फूल प्रूफ सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। वहीं गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने भी कहा कि पाकिस्तानी टीम को पूरी सुरक्षा मिलेगी और सभी टीमों को बिना किसी चिंता के भारत आना चाहिए।
उधर पाकिस्तान में पीसीबी की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष नजम सेठी और आंतरिक मामलों के मंत्री चौधरी निसार अली खान के बीच लंबी मंत्रणा हुई। इसी में पाक सरकार ने टीम की भारत यात्रा को हरी झंडी दिखा दी।