भारत ने अमेरिका के खिलाफ जीत दर्ज कर टी20 विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की है। इस जीत के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को लेकर जानकारी दी है। सुंदर पहले मैच में नहीं खेले थे और सूर्यकुमार ने बताया कि वह 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ नई दिल्ली में होने वाले मैच से पहले भारतीय टीम के साथ जुड़ेंगे।
अमेरिका को 29 रनों से हराया
भारत ने टी20 विश्व कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में अमेरिका को 29 रन से हराकर शानदार आगाज किया है। शनिवार को वानखेड़े में खेले गए ग्रुप मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने सूर्यकुमार यादव की नाबाद 84 रनों की पारी के दम पर 20 ओवर में नौ विकेट पर 161 रन बनाए। जवाब में अमेरिका निर्धारित ओवरों में आठ विकेट खोकर 132 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई।
वॉशिंगटन को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान चोट लगी थी और वह टी20 सीरीज में भी हिस्सा नहीं ले सके थे। वॉशिंगटन ने रिहैब प्रक्रिया पूरी कर ली थी और उन्हें मैदान पर वापसी के लिए हरी झंडी भी मिल गई थी।
अभिषेक भी थे बीमार
मैच के बाद सूर्यकुमार ने कहा, 'वॉशिंगटन सुंदर फिट हैं और वह सीधे दिल्ली में टीम से जुड़ेंगे जहां भारत को नामीबिया के खिलाफ मैच खेलना है।' सूर्यकुमार ने साथ ही पुष्टि की है कि जसप्रीत बुमराह को तेज बुखार था और सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की तबीयत भी पूरी तरह ठीक नहीं थी। अभिषेक फील्डिंग के लिए मैदान पर नहीं उतरे थे और उनकी जगह संजू सैमसन ने फील्डिंग की थी।
अमेरिका के खिलाफ खराब रही बल्लेबाजी
अमेरिका के खिलाफ भारत की बल्लेबाजी बेहद खराब रही और सूर्यकुमार के अलावा टीम का कोई बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं बना सका। पिछले कुछ दिनों से भारत मजबूत बल्लेबाजी कर रहा था, लेकिन विश्व कप के पहले ही मैच में टीम का बल्लेबाजी में प्रदर्शन निराशाजनक रहा। हालांकि, सूर्यकुमार की अर्धशतकीय पारी के बदौलत भारत चुनौतीपूर्ण लक्ष्य देने में सफल रहा और टीम को जीत मिली। सूर्यकुमार ने कहा, हम हर बात को नजरअंदाज नहीं कर सकते, हमें बल्लेबाजी में और बेहतर प्रदर्शन करना होगा। जीत के बाद भी बहुत कुछ सीखने को मिलता है। हम और बेहतर और समझदारी से बल्लेबाजी कर सकते थे।