टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान मैच को अब बस दो दिन रह गए हैं। 23 अक्तूबर को दोनों टीमें मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में भिड़ेंगी। इस मैच को लेकर कई पूर्व क्रिकेटर्स ने प्रेडिक्शन करना भी शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुरेश रैना ने भी भारत-पाकिस्तान महामुकाबले को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। उन्होंने पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम को लेकर बयान दिया है।
रैना ने बाबर की तारीफ भी की और साथ ही यह भी बताया कि कौन सा भारतीय गेंदबाज उन्हें पवेलियन भेजने में कामयाब होगा। पिछले साल यूएई में खेले गए टी20 विश्व कप में पाकिस्तान ने भारत को 10 विकेट से हराया था। टीम इंडिया इस बार इसका बदला भी लेना चाहेगी। सुपर-12 राउंड की शुरुआत 22 अक्तूबर से होगी। पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की टीम आमने-सामने होंगी।
अर्शदीप सिंह
- फोटो : सोशल मीडिया
एक न्यूज वेबसाइट से बात करते हुए सुरेश रैना ने बाबर की खूब तारीफ की। उन्होंने कहा- बाबर अच्छे कप्तान और वास्तव में अच्छे क्रिकेटर हैं। उन्होंने अपनी टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन उम्मीद है कि जब वह हमारे खिलाफ खेलने आएंगे तो अर्शदीप सिंह उन्हें आउट कर देगा।
पिछले महीने एशिया कप में दो मुकाबलों में एक-दूसरे का सामना करने के बाद इस साल यह तीसरी बार होगा जब दोनों टीमें टी20 मैच में आमने-सामने होंगी। बाबर ने अर्शदीप के खिलाफ दो पारियों में छह रन बनाए, जिसमें एक चौका और तीन डॉट बॉल शामिल है। हालांकि, बाबर ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों के खिलाफ कुछ कमजोरियां दिखाई हैं। वह पिछले दो वर्षों में टी20 क्रिकेट में 12 बार बाएं हाथ के गेंदबाजों के खिलाफ आउट हुए हैं।