एशिया कप में भारतीय टीम का प्रदर्शन खराब रहा। टीम सुपर-4 राउंड से ही बाहर हो गई। इसके बाद अब भारतीय टीम के सामने टी-20 वर्ल्ड कप की चुनौती होगी। इससे पहले टीम ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो टी-20 सीरीज खेलेगी। टीम इंडिया इसकी तैयारी में जुट गई है। वर्ल्ड कप से पहले कई क्रिकेट एक्सपर्ट्स खिलाड़ियों को लेकर अपने-अपने सजेशन दे रहे हैं। इसी फहरिस्त में सुनील गावस्कर भी शामिल हो गए हैं।
गावस्कर ने एक टीवी चैनल से बातचीत में एक ऐसे खिलाड़ी का नाम बताया है जो टीम इंडिया को वर्ल्ड कप दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। गावस्कर ने कहा है कि दीपक चाहर को भारतीय टीम में शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस बार वर्ल्ड कप ऑस्ट्रेलिया में होना है। वहां एक्स्ट्रा बाउंस देखने को मिलता है। दीपक चाहर एक ऐसे गेंदबाज हैं जो नई गेंद से स्विंग कराते हैं। इसलिए उनको शामिल करना फायदेमंद हो सकता है।
सुनील गावस्कर
- फोटो : सोशल मीडिया
टी-20 वर्ल्ड कप के भारतीय टीम का चयन अगले हफ्ते होना है। कप्तान रोहित एशिया कप से बाहर होने के बाद कह चुके हैं कि टीम 80-90 प्रतिशत तैयार है। वहीं, कोच राहुल द्रविड़ कह चुके हैं कि आगे के मैचों में वही टीम खेलेगी जो वर्ल्ड कप में जाएगी। ऐसे में यह देखने वाली बात होगी कि भारतीय टीम में किन 15 खिलाड़ियों का चयन किया जाता है। रोहित के अलावा केएल राहुल, विराट कोहली, भुवनेश्वर कुमार और युजवेंद्र चहल का चुना जाना लगभग तय है।