इस रोमांचक मैच में दक्षिण अफ्रीका ने जीत हासिल की। मुकाबला इतना कड़ा था कि फैन्स पल-पल की अपडेट जानना चाह रहे थे। विक्रम गर्ग नाम के एक ऐसे ही क्रिकेट फैन की घटना सामने आई, जो कि फ्लाइट में यात्रा करने के दौरान मैच नहीं देख पा रहा था। इसके बाद विक्रम ने पायलट से स्कोर को लेकर अपडेट मांगा। कुछ देर बाद विक्रम के पास एक पर्ची आई, जिसपर स्कोर लिखा हुआ था। यह देखकर विक्रम के चेहरे पर खुशी छा गई।
विक्रम ने इस घटना को ट्विटर पर शेयर किया है। उन्होंने लिखा- भारत यह मैच हार गया, लेकिन इंडिगो फ्लाइट ने मेरा दिल जीत लिया। पायलट ने मुझे पर्ची भेजकर स्कोर अपडेट दिया। उन्होंने जो तस्वीर शेयर की है, उस पर लिखा है भारत 133/9। दक्षिण अफ्रीका ने छह ओवर में तीन विकेट गंवाकर 33 रन बनाए हैं। इसको बस आंकड़ों में लिखा गया है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच मैच 30 अक्तूबर को खेला गया था। भारत यह मैच पांच विकेट से हार गया था। यह टी20 वर्ल्ड कप 2022 में टीम इंडिया की पहली हार रही।
विक्रम के इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर काफी पसंद भी किया जा रहा है। इंडिगो ने भी विक्रम को पोस्ट पर जवाब दिया। उन्होंने लिखा- हमें यह जानकर खुशी हुई। हम आपको जल्द ही फिर से हमारे साथ यात्रा करते हुए देखना चाहेंगे। भारत का प्रदर्शन इस टी20 वर्ल्ड कप में अब तक शानदार रहा है। पाकिस्तान के खिलाफ पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने चार विकेट से जीत हासिल की थी। वहीं, दूसरे मैच में भारत ने नीदरलैंड को 56 रन से हराया था। अब बुधवार को भारत का मुकाबला बांग्लादेश से है।