भारतीय विकेटकीपकर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने दिसंबर 2022 में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद आईपीएल 2024 से मैदान पर वापसी की थी। उन्होंने आईपीएल में बेहतरीन प्रदर्शन से टी20 विश्व कप के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम में जगह पक्की की थी। अब वह इस वैश्विक टूर्नामेंट में बल्ले के साथ-साथ विकेटकीपिंग से भी अपना प्रभाव छोड़ रहे हैं। वहीं, भारतीय टीम के फील्डिंग कोच टी दिलीप घुटने की सर्जरी के बावजूद विकेट के पीछे उनकी क्षमता को देख कर आश्चर्यचकित है।
पंत दिसंबर 2022 में एक भयानक कार दुर्घटना में गंभीर रूप से चोटिल हो गए थे। उन्होंने लंबे इलाज और रिहैबिलिटेशन के बाद मैदान पर वापसी की थी। सड़क दुर्घटना में गंभीर चोट से उबर कर वापसी के बाद से ऋषभ पंत की बल्ले से साहसिक पारी टीम के लिए खुशी की बात है। पंत इस टी20 विश्व कप में तीसरे क्रम पर कुछ महत्वपूर्ण पारियों के साथ टीम के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी रहे हैं। विकेट के पीछे उन्होंने अपने काम से सबसे अधिक प्रभावित किया है।
पंत के प्रदर्शन से प्रभावित हुए दिलीप
फील्डिंग कोच ने कहा ऋषभ पंत की तारीफ करते हुए कहा कि घुटने की सर्जरी के बाद किसी के लिए भी विकेट के दोनों ओर डाइव लगाना आसान नहीं है। दिलीप ने कनाडा के खिलाफ भारतीय टीम के ग्रुप चरण के आखिरी मुकाबले से पहले कहा, सबसे अच्छी बात यह है कि पंत ने अपनी वापसी के बाद कमाल का प्रदर्शन किया है। उनकी बल्लेबाजी पहले से ही काफी अच्छी मानी जाती है, लेकिन उनके बारे में एक अच्छी बात यह है कि उन्होंने विकेटकीपर के रूप में गजब का प्रदर्शन किया है। चोट लगने के बाद विकेटकीपर के रूप में उनकी वापसी कमाल की है। वह विकेट के दोनों ओर फुर्ती से गेंद को लपक रहे हैं।