भारतीय टीम नीदरलैंड के खिलाफ बुधवार को ग्रुप चरण के आखिरी मुकाबले में खेलने उतरेगी। भारत पहले ही सुपर आठ चरण में जगह बना चुका है, इसलिए उसके पास बेंच स्ट्रेंग्थ को परखने का अच्छा मौका है। बुमराह ने तीन में से दो मैच खेले हैं और माना जा रहा है कि उन्हें नीदरलैंड के खिलाफ आराम दिया जा सकता है। हालांकि, बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक की राय थोड़ी अलग है।
बुमराह को नहीं मिलेगा आराम
कोटक ने मंगलवार को स्पष्ट कहा कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को नीदरलैंड के खिलाफ ग्रुप ए के आखिरी मैच में विश्राम नहीं दिया जाएगा। पाकिस्तान के खिलाफ रविवार को हुए मुकाबले में बुमराह ने सईम अयूब और कप्तान सलमान अली आगा के अहम विकेट लिए जिससे पाकिस्तान को 61 रन से पराजय का सामना करना पड़ा। बीसीसीआई की खेल विज्ञान टीम बुमराह के कार्यभार का एहतियात के साथ प्रबंधन कर रही है और उन्हें समय समय पर विश्राम दिया जाता है।
अभिषेक की फिटनेस पर क्या बोले कोटक
अभिषेक शर्मा की फिटनेस के बारे में कोटक ने सकारात्मक जवाब दिया। अभिषेक पेट में संक्रमण के कारण नामीबिया के खिलाफ नहीं खेल सके थे लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ शून्य पर आउट हो गए। कोटक ने नीदरलैंड के खिलाफ मैच से पहले कहा, मुझे नहीं लगता कि बुमराह को आराम दिया जाएगा। इसके बारे में बाद में फैसला लेंगे। अभिषेक की तबीयत ठीक नहीं थी। पिछले मैच में वह पहले ओवर में आउट हो गया। हम ज्यादा विश्लेषण नहीं करना चाहते। अब वह ठीक है।
सितांशु ने ईशान किशन को सराहा
कोटक ने विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन की तारीफ करते हुए कहा, वह अपने शुरुआती दिनों से ही आत्मविश्वास से भरपूर है। इससे टी20 क्रिकेट में मदद मिलती है। विश्व कप शुरू होने के बाद से हमने देखा है कि कोई भी टीम किसी भी टीम को हरा सकती है और यही वजह है कि हर मैच अहम है।