इस मैच में लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की बल्लेबाजी फेल रही। पारी के दूसरे ओवर में टिम साउदी ने डेविड वॉर्नर को पवेलियन भेजकर टीम को पहला झटका दिया। इसके बाद तो नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। कप्तान एरॉन फिंच 13 रन और मिचेल मार्श 16 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद नौवें ओवर में मिचेल सैंटनर की गेंद पर मार्कस स्टोइनिस ने बड़े शॉट की कोशिश की। उन्होंने स्विपर कवर में शॉट खेला, लेकिन ग्लेन फिलिप्स के मन में कुछ और ही था।
वह डीप से दौड़ते हुए आए और खुद को गेंद की तरफ ढकेला। वह करीब तीन सेकेंड तक हवा में रहे और डाइव लगाकर कैच पकड़ा। उनके कैच से ऐसा लग रहा था कि सुपरमैन ने कैच लिया है। इस कैच के बाद तो सोशल मीडिया पर फैन्स ने ग्लेन फिलिप्स की तारीफों के पुल बांध दिए। फिलिप्स के कैच को फैन्स कैच ऑफ द टूर्नामेंट बता रहे हैं। वहीं, फैन्स को इस हैरतअंगेज कैच पर अब तक यकीन नहीं हो रहा है।
स्टोइनिस सात रन बनाकर आउट हुए। इसके अलावा टिम डेविड 11 रन, मैथ्यू वेड दो रन, पैट कमिंस 21 रन, मिचल स्टार्क चार रन और एडम जैम्पा खाता भी नहीं खोल सके। न्यूजीलैंड की ओर से टिम साउदी और मिचेल सैंटनर ने तीन-तीन विकेट लिए। वहीं, ट्रेंट बोल्ट को दो विकेट मिला। इससे पहले न्यूजीलैंड की ओर से फिन एलेन ने 16 गेंदों में 42 रन की तूफानी पारी खेली। साथ ही डेवोन कॉनवे ने 58 गेंदों में 92 रन की नाबाद पारी खेली।