धोनी ने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'विश्व कप चैंपियन 2024। मेरी दिल की धड़कनें तेज हो गई थीं। शांतिचित्त होकर, आत्मविश्वास बनाए रखकर भारत ने शानदार प्रदर्शन किया। देश में और दुनिया भर में सभी भारतीयों की ओर से विश्व कप घर लाने की बधाई। जन्मदिन के शानदार उपहार के लिए धन्यवाद।
सोशल मीडिया पर टीम की जीत को लेकर खूब प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कई पूर्व क्रिकेटरों ने टीम इंडिया को बधाई दी है। राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण ने लिखा, 'टीम इंडिया को टी20 विश्व चैंपियन बनने पर बधाई। टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ और अपराजेय टीम। पांच ओवर बाकी रहते जो हालात थे, उसके बाद इस तरह का शानदार प्रदर्शन। हर खिलाड़ी बधाई का पात्र है।'
वहीं, 2011 विश्व कप विजेता रविचंद्रन अश्विन ने लिखा- हम चैंपियन बन गए हैं। पूर्व कप्तान और पूर्व कोच अनिल कुंबले ने लिखा- 'बधाई टीम इंडिया। शानदार जीत।' पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने लिखा, 'ये मेरा इंडिया। हम चैंपियन हैं। टीम पर गर्व है।'
2011 वनडे विश्व कप जीत के नायक युवराज सिंह ने लिखा, 'आखिर तुमने कर दिखाया। हार्दिक पंड्या तुम हीरो हो। जसप्रीत बुमराह एक ओवर में भारत को मैच में लौटाया। रोहित शर्मा के लिए बहुत खुश हूं। दबाव में शानदार कप्तानी। कोहली, द्रविड़ और पूरी टीम को बधाई। सूर्या ने क्या कैच लपका।'
क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर ने लिखा- चक दे इंडिया। टीम इंडिया की जर्सी में मौजूद हर सितारा हमारे देश के बच्चों को अपने सपनों के करीब एक कदम आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। भारत को चौथा विश्व कप मिला, टी20 में दूसरा। वेस्ट इंडीज में भारतीय क्रिकेट का जीवन पूर्ण हो गया है। 2007 वनडे विश्व कप में हमारे खराब प्रदर्शन से लेकर उसी जगह क्रिकेट की ताकत बनने और 2024 में टी20 विश्व कप जीतने तक, जीवन ने क्या मोड़ लिया है। मेरे दोस्त राहुल द्रविड़ के लिए बहुत खुश हूं, जो 2011 विश्व कप जीतने से चूक गए, लेकिन इस टी20 विश्व कप जीत में उनका योगदान बहुत बड़ा रहा है। मैं उनके लिए बहुत खुश हूं। रोहित के बारे में कोई क्या कह सकता है। शानदार कप्तानी! 2023 वनडे विश्व कप की हार को पीछे छोड़ना और हमारे सभी खिलाड़ियों को टी20 विश्व कप के लिए प्रेरित रखना सराहनीय है। जसप्रीत बुमराह को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड भी मिला। विराट कोहली प्लेयर ऑफ द मैच जीते। दोनों ही पुरस्कार के योग्य हैं। जब जरूरत थी तो उन्होंने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया।राहुल के साथ, पारस म्हाम्ब्रे और विक्रम राठौड़ ने भी 1996 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया। इस वर्ग के मार्गदर्शन में टीम इंडिया को उत्कृष्ट प्रदर्शन करते देखना अद्भुत था। संपूर्ण टीम प्रयास। सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, सहयोगी स्टाफ और सभी को हार्दिक बधाई।
वहीं, सौरव गांगुली ने लिखा- रोहित शर्मा और टीम को बधाई। क्या शानदार जीत। बुमराह का शानदार प्रदर्शन। विराट, अक्षर, हार्दिक सभी ने अच्छा खेला। राहुल द्रविड़ और सहयोगी स्टाफ को बधाई।
भारत ने 11 साल का इंतजार खत्म करते हुए दक्षिण अफ्रीका को बेहद रोमांचक मैच में सात रन से हराकर टी20 विश्व कप जीत लिया। पिछले साल 19 नवंबर को अहमदाबाद में अधूरा रहा सपना आखिरकार वेस्टइंडीज में पूरा हुआ तो रोहित शर्मा की टीम के साथ टीवी के आगे नजरें गड़ाए बैठे भारतीय क्रिकेटप्रेमियों की आंखों में आंसू आ गए। इस आईसीसी खिताब के लिए 11 साल लंबा इंतजार जो था, शनिवार को वह खत्म हो गया। जीत के नायक रहे विराट कोहली और रोहित शर्मा ने टी20 विश्व कप ट्रॉफी जीत के साथ ही टी20 क्रिकेट को अलविदा भी कह दिया।
भारत ने 2007 में पहला टी20 विश्व कप जीता था और आखिरी आईसीसी खिताब 2013 में महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई में दक्षिण अफ्रीका में चैम्पियंस ट्रॉफी जीती थी । पिछले साल भारत में वनडे विश्व कप फाइनल में टीम आस्ट्रेलिया से हार गई थी। हालांकि, इस फाइनल में टीम इंडिया ने कोई चूक नहीं की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 176 रन बनाए थे। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 169 रन बना सकी।