टी20 विश्व कप में जीत के बाद टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने पत्नी अनुष्का के लिए प्यार भरा संदेश लिखा। उन्होंने फिल्म अभिनेत्री को इस ऐतिहासिक जीत की बधाई देते हुए अपने दिल का हाल बताया। बता दें, भारत को टी20 विश्व कप का खिताब जिताने के बाद किंग कोहली ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। भारतीय टीम ने शनिवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सात रनों से जीत हासिल की और 17 सालों बाद टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया।
कोहली ने लिखी दिल की बात
दिग्गज बल्लेबाज ने लिखा, "तुम्हारे बिना इनमें से कुछ भी दूर-दूर तक संभव नहीं होता...माय लव! तुम मुझे विनम्र और जमीन से जुड़ी रखती हो। तुम हमेशा पूरी ईमानदारी के साथ कहती हो कि यह कैसा होना चाहिए। मैं तुम्हारा आभारी हूं। यह जीत जितनी मेरी है उतनी ही तुम्हारी भी है. तुम्हारा धन्यवाद और तुम जैसी हो वैसा होने के लिए मेरा प्यार।"
'और... मैं इस आदमी से प्यार करती हूं'
भारतीय टीम की जीत के बाद अनुष्का शर्मा ने भी पति की तस्वीर साझा कर उन्हें 'अपना घर' बताया था। उन्होंने लिखा, "और... मैं इस आदमी से प्यार करती हूं। मैं तुमको अपना घर बुलाती हूं और इसके लिए तुम्हारी बहुत आभारी हूं- अब जाओ और मेरे लिए एक ग्लास पानी पीओ फिर इस जीत का जश्न मनाओ।"
अनुष्का ने दी टीम इंडिया को जीत की बधाई
इसके अलावा उन्होंने भारतीय टीम को जीत की बधाई दी थी। अनुष्का ने टीम इंडिया की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "हमारी बेटी की सबसे बड़ी चिंता यह थी कि क्या सभी खिलाड़ियों को टीवी पर रोते हुए देखने के बाद उन्हें गले लगाने के लिए कोई था? हां माय डियर, उन्हें 1.5 बिलियन लोगों ने गले लगाया था। क्या अद्भुत जीत है और क्या शानदार उपलब्धि है। चैंपियंस, बधाई हो।"
11 साल बाद आईसीसी ट्रॉफी जीता भारत
बारबाडोस के मैदान में शनिवार को खेले गए टी20 के फाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को सात रनों से हरा दिया। इसी के साथ भारत ने आईसीसी ट्रॉफी जीतने के 11 साल के इंतजार को भी खत्म कर दिया। आखिरी बार भारत ने 2013 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चैंपियंस ट्रॉफी जीता था। हालांकि, इस जीत के साथ टीम इंडिया ने दूसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। भारत के इस जीत के साथ सभी खिलाड़ियों के आंखों में खुशी के आंसू थे।