भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में आयोजित आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप से बांग्लादेश क्रिकेट टीम के हटने के मामले की जांच के लिए बांग्लादेश सरकार ने तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। सरकारी आदेश के अनुसार, यह समिति टीम के टूर्नामेंट से हटने के पीछे की परिस्थितियों और कारणों की जांच करेगी। समिति को 15 कार्यदिवस के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
समिति में कौन-कौन शामिल?
जांच समिति की अध्यक्षता पूर्व अतिरिक्त सचिव डॉ. एकेएम ओलि उल्लाह करेंगे। समिति के अन्य सदस्यों में बांग्लादेश के पूर्व कप्तान और मौजूदा मुख्य चयनकर्ता हबीबुल बशार, सुप्रीम कोर्ट के वकील फैसल दस्तगीर शामिल हैं। समिति प्रमुख ओलि उल्लाह ने कहा कि वे जल्द से जल्द जांच प्रक्रिया शुरू करेंगे और निर्धारित समयसीमा के भीतर रिपोर्ट सौंपने का प्रयास करेंगे।
क्यों हटी थी बांग्लादेश टीम?
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए टीम को भारत भेजने से इनकार कर दिया था। दरअसल, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को राष्ट्रीय टीम के लिए रिलीज करने को कहा था। इसके बाद दोनों बोर्डों के बीच विवाद बढ़ गया। बांग्लादेश बोर्ड ने आईसीसी से अपने मैच श्रीलंका में कराने की मांग भी की थी, लेकिन आईसीसी ने इस अनुरोध को अस्वीकार कर दिया। बाद में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया गया।
सरकार ने भी जताई थी चिंता
बांग्लादेश के युवा एवं खेल राज्य मंत्री अमीनुल हक पहले ही संकेत दे चुके थे कि सरकार इस मामले की समीक्षा करेगी और यह देखा जाएगा कि टीम का टूर्नामेंट से हटना कहीं कूटनीतिक विफलता तो नहीं था। गौरतलब है कि टी20 विश्व कप का आयोजन 7 फरवरी से 8 मार्च तक हुआ था।