फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

T20 World Cup 2026: टी20 विश्वकप से पहले अनिश्चितता, भारत में नहीं खेलने पर अड़ा BCB; आईसीसी से जवाब का इंतजार

Sat, 10 Jan 2026 10:30 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

भारत में होने वाले टी20 विश्व कप को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की चिंताओं पर अब तक आईसीसी की ओर से कोई जवाब नहीं आया है। बीसीबी अध्यक्ष अमिनुल इस्लाम बुलबुल ने साफ किया कि सुरक्षा कारणों से भारत में खेलने पर बोर्ड का रुख जस का तस है और किसी वैकल्पिक भारतीय शहर में मैच कराना भी उनकी चिंता का समाधान नहीं है।

विज्ञापन
आईसीसी अध्यक्ष जय शाह और बांग्लादेश की टीम - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष अमिनुल इस्लाम बुलबुल ने साफ कहा है कि आगामी टी20 विश्व कप के लिए भारत में खेलने को लेकर जताई गई चिंताओं पर अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) की ओर से कोई जवाब नहीं मिला है। बुलबुल ने दोहराया कि इस मुद्दे पर बीसीबी का रुख पहले जैसा ही बना हुआ है।
विज्ञापन

श्रीलंका में खेलने की मांग पर अड़ा बीसीबी
टी20 विश्व कप की शुरुआत 7 फरवरी से होनी है, लेकिन बांग्लादेश ने भारत का दौरा करने को लेकर असहजता जताई है और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने मैच सह-मेजबान श्रीलंका में कराने का अनुरोध किया है। बीसीबी की चिंताएं उस समय और बढ़ गई थीं जब बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स से बीसीसीआई के निर्देश पर रिलीज कर दिया गया। इसके पीछे कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया, हालांकि यह फैसला बांग्लादेश में हिंदुओं पर कथित हमलों की खबरों के बीच आया।

बुलबुल ने मीडिया से बातचीत में कहा, 'हमें अभी तक आईसीसी की ओर से कोई जवाब नहीं मिला है। हमने अपनी चिंताओं से जुड़े सभी दस्तावेज और सबूत भेज दिए हैं।' उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत के भीतर किसी अन्य शहर में मैच कराना उनकी चिंता का समाधान नहीं है। उन्होंने आगे कहा, 'भारत का कोई भी वैकल्पिक वेन्यू आखिरकार भारत ही होगा। आप जानते हैं कि कोई भी एकतरफा फैसला नहीं लिया जा सकता और हमें सरकार के निर्देशों का पालन करना होगा। हम आज भी उसी स्थिति में खड़े हैं, जहां कुछ दिन पहले थे।'
विज्ञापन

अगर आईसीसी से नहीं मिला जवाब तो क्या करेगा बीसीबी?
बीसीबी अध्यक्ष ने बताया कि आईसीसी की प्रतिक्रिया आने तक बोर्ड कोई अगला कदम नहीं उठाएगा। उन्होंने कहा, 'अगर हमें श्रीलंका में खेलने की अनुमति नहीं मिलती तो हम क्या करेंगे, इस पर मैं तब तक कुछ नहीं कह सकता जब तक आईसीसी का जवाब नहीं आ जाता।' बांग्लादेश को ग्रुप चरण के तीन मैच कोलकाता और एक मैच मुंबई में खेलना है। हालांकि, हैदराबाद और चेन्नई को वैकल्पिक वेन्यू बनाए जाने की खबरों पर बुलबुल ने अनभिज्ञता जताई। उन्होंने आगे कहा, 'मैंने हैदराबाद और चेन्नई के रिप्लेसमेंट वेन्यू होने की बात नहीं सुनी है। शायद हमें सोमवार या मंगलवार तक कुछ जानकारी मिले।'
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें