टी20 विश्व कप के पहले मुकाबले में ही पाकिस्तान ने अपनी तैयारियों की पोल खोल कर रख दी है। शनिवार को नीदरलैंड के खिलाफ भले ही सलमान अली आगा की टीम ने तीन विकेट से जीत दर्ज की, लेकिन उनके बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन ने सोशल मीडिया यूजर्स का पारा बढ़ा दिया।
टी20 विश्व कप 2026 का आगाज हो चुका है। पहला मुकाबला पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच कोलंबो में खेला गया। इस मैच में भले ही पाकिस्तान ने तीन विकेट से जीत दर्ज की, लेकिन उनकी तैयारियों की पोल खुल गई। शनिवार को खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज बाबर आजम एक बार फिर फ्लॉप हुए। वहीं, कप्तान सलमान अली आगा का बल्ला भी खामोश रहा।
बाबर का लगातार फ्लॉप प्रदर्शन बना सिरदर्द!
वैश्विक टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबले में पाकिस्तान के दिग्गज बल्लेबाज बाबर आजम ने 83.33 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और 18 गेंदों में सिर्फ 15 रन बनाए। उन्हें रोलॉफ ने अपना शिकार बनाया। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई तीन टी20 मैचों की सीरीज में भी 31 वर्षीय बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए थे। उन्होंने 24, 2 और 50* रनों की पारियां खेलीं। पिछली चार टी20 पारियों में दाएं हाथ के इस खिलाड़ी ने सिर्फ एक अर्धशतकीय पारी खेली है। लगातार खराब प्रदर्शन के कारण बाबर सोशल मीडिया यूजर्स के निशाने पर हैं।
कप्तान आगा भी ट्रोलर्स के निशाने पर
ऐसा ही हाल पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा का रहा। वह भी सिर्फ 12 रन बना सके और आर्यन दत्त का शिकार बन गए। प्रशंसकों का मानना है कि पाकिस्तान इस तैयारी के साथ अगर विश्व कप जीतने की इच्छा लेकर आया है, तो उसे लौट जाना चाहिए।
मैच में क्या हुआ?
पहले मैच में पाकिस्तान ने नीदरलैंड को तीन विकेट से हरा दिया है। पाकिस्तान की टीम पहले ही मैच में उलटफेर से बच गई। कोलंबो में खेले गए इस मैच में 148 रन का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में सात विकेट पर 119 रन बनाकर जूझ रही थी। उसे आखिरी दो ओवर में 29 रन की दरकार थी। हालांकि, 19वें ओवर ने पूरा मैच बदल दिया। 19वें ओवर में लोगन वान बीक गेंदबाजी के लिए आए और इस ओवर में पाकिस्तान के फहीम अशरफ और शाहीन अफरीदी ने 24 रन बटोरे।