हरियाणा की जीत में चमके सुमित व बिश्नोई
सुमित (3/13) की उम्दा गेंदबाजी के बाद चैतन्य बिश्नोई (60*) की नाबाद अर्द्धशतकीय पारी की बदौलत हरियाणा ने अरुणाचल प्रदेश को आठ विकेट से रौंद डाला। पहले बल्लेबाजी करते हुए अरुणाचल की टीम क्षितिज शर्मा के नाबाद 46 रन की मदद से छह विकेट पर 106 रन ही बनाई। हरियाणा ने लक्ष्य को 15.1 ओवर में अपने सलामी बल्लेबाजों हिमांशु राणा (01) और टी बाली (01) के विकेट खोकर 110 रन बनाकर हासिल कर लिया। चैतन्य ने नितिन सैनी (45) के साथ तीसरे विकेट के लिए अटूट 106 रन की साझेदारी कर टीम को शानदार जीत दिलाई।
एमपी ने पंजाब को 34 रन से हराया
मनदीप सिंह (64) की पारी के बावजूद पंजाब को मध्य प्रदेश के हाथों 34 रन से शिकस्त का सामना करना पड़ा। मध्य प्रदेश से मिले 200 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब की टीम नौ विकेट पर 165 रन ही बना पाई। मनदीप ने गुरकीरत सिंह (46) के साथ पांचवें विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी की। स्टार क्रिकेटर युवराज सिंह आठ गेंदों में एक छक्का लगाकर पवेलियन लौट गए। कप्तान हरभजन सिंह (0/26, नाबाद तीन रन) भी कोई कमाल नहीं दिखा पाए। इससे पहले एमपी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 199 रन बनाए। एक समय 47 रन पर तीन विकेट गंवाने वाले एमपी को पार्थ साहनी (90) और अभिषेक भंडारी (54) ने चौथे विकेट के लिए 110 रन जोड़कर 150 के पार पहुंचाया। वेंकटेश अय्यर ने नाबाद 20 रन की पारी खेली। पंजाब की ओर से मनप्रीत गोनी ने दो विकेट लिए।
एकांत का अर्द्धशतक भी नहीं आया हिमाचल के काम
एकांत सेन (52) के अर्द्धशतक के बावजूद हिमाचल प्रदेश को विदर्भ के हाथों तीन विकेट से हार झेलनी पड़ी। हिमाचल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 167 रन बनाए। सेन के अलावा नितिन शर्मा 36, ऋषि धवन 30 और प्रशांत चोपड़ा ने 20 रन बनाए। विदर्भ ने अंतिम गेंद पर सात विकेट पर 171 रन बनाकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। अर्थव ने 43, जितेश शर्मा ने 37, कप्तान फैज फजल ने 27 और रवि ने नाबाद 25 रन की पारी खेली। हिमाचल के लिए प्रशांत ने दो विकेट झटके।
पुडुचेरी ने हैदराबाद को 3 रन से दी मात
पुडुचेरी की टीम ने हैदराबाद पर 3 रन की रोमांचक जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए पुडुचेरी ने पारस डोगरा के 48 गेंद पर 89 रन की विस्फोटक पारी के दम पर 159 रन का स्कोर खड़ा किया। पहला मैच खेल रहे पी. थमाराईकान्नन ने चार ओवर में 39 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। इस शानदार गेंदबाजी के दम पर ही पुडुचेरी ने हैदराबाद पर 3 रन की जीत दर्ज की। हैदराबाद की तरफ से अक्षत रेड्डी ने नाबाद 69 रन की पारी खेली लेकिन टीम को जीत नहीं दिला पाए।
बड़ौदा ने त्रिपुरा को 8 विकेट से हराया
बड़ौदा की टीम ने शानदार गेंदबाजी के दम पर त्रिपुरा को महज 100 रन पर ऑलआउट कर दिया और फिर 2 विकेट खोकर 16.5 ओवर में जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया। बड़ौदा के अतीत सेठ ने धारदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 13 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। बड़ौदा के लिए केदार देवधर ने 24, विष्णु सोलंकी ने 32, दीपक हुड्डा ने 18 तो यूसुफ पठान ने नाबाद 19 रन की पारी खेली।