विवेक सिंह के 64 गेंदों पर नाबाद 100 रन की मदद से बंगाल ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टी-20 टूर्नामेंट के एलीट ग्रुप बी में झारखंड को 16 रन से हराया जो उसकी लगातार दूसरी जीत है। विवेक ने अपनी पारी में 13 चौके और तीन छक्के लगाए। उन्होंने श्रीवत्स गोस्वामी (27) के साथ पहले विकेट के लिए 60 रन जोड़े जिससे बंगाल ने ईडन गार्डन्स में खेले गये मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 161 रन बनाये। इन दोनों के अलावा केवल मनोज तिवारी (12) ही दोहरे अंक में पहुंचे।
झारखंड की टीम इसके जवाब में नौ विकेट पर 145 रन ही बना पाई। झारखंड ने सलामी बल्लेबाज आनंद सिंह (13) का विकेट तीसरे ओवर में गंवा दिया। कप्तान इशान किशन (22) और विराट सिंह (47) ने दूसरे विकेट के लिये 38 रन जोड़े लेकिन ये दोनों तेजी से रन नहीं बना पाए। निचले क्रम में उत्कर्ष सिंह ने 28 रन बनाये जिससे हार का अंतर ही कम हुआ। बंगाल की तरफ से इशान पोरेल ने 34 रन देकर तीन विकेट लिए।
हैदराबाद ने ओड़िशा को छह रन से हराया
ग्रुप बी के एक अन्य मैच में हैदराबाद ने ओड़िशा को छह रन से हराया। हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर आठ विकेट पर 153 रन बनाए। उसकी तरफ से तिलक वर्मा ने 44 और तन्मय अग्रवाल ने 34 रन का योगदान दिया। ओडिशा की टीम गोविंदा पोद्दार के 50, सुभ्रांश सेनापति के नाबाद 43 और राजेश धूपर के नाबाद 30 रन के बावजूद निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 147 रन तक ही पहुंच पाई।
केदार जाधव (45 गेंद में नाबाद 84 रन) और नौशाद शेख (44 गेंद में नाबाद 78) की अर्धशतकीय पारियों और दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 166 रन की अटूट साझेदारी के दम पर महाराष्ट्र ने एलीट ग्रुप सी के मैच में मंगलवार को छत्तीसगढ़ को आठ विकेट से हराया। छत्तीसगढ़ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 192 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करते समय महाराष्ट्र की टीम सलामी बल्लेबाजों रुतुराज गायकवाड़ (15) और कप्तान राहुल त्रिपाठी (14) के विकेट सस्ते में गंवाकर मुश्किल में थी लेकिन जाधव और शेख ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर टीम को आखिरी गेंद पर जीत दिला दी।
हिमाचल की टीम 20 ओवर में 109 रन पर ऑलआउट हो गई। बड़ौदा ने एक ओवर बाकी रहते छह विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। ग्रुप के एक अन्य मैच में गुजरात ने उत्तराखंड को 73 रन से हराया। गुजरात के पांच विकेट पर 172 रन के जवाब में उत्तराखंड की टीम आठ विकेट पर सिर्फ 99 रन बना सकी।