यूपी ने मणिपुर को छह विकेट से हराया
गेंदबाजों के संयमित प्रदर्शन से उत्तर प्रदेश ने लो स्कोरिंग मैच में मणिपुर को 44 गेंद शेष रहते छह विकेट से हराकर अपनी तीसरी जीत दर्ज की। मोहसिन खान (2/9) और अंकित राजपूत (2/14) के सामने मणिपुर की टीम पहले खेलते हुए सात विकेट पर 89 रन ही बना पाई। उसके तीन बल्लेबाज रेक्स सिंह (30), के मेईतेई (18) और जॉनसन सिंह (10) ही दोहरे अंक तक पहुंच पाए। उत्तर प्रदेश ने लक्ष्य को रिकूं सिंह(39*) और उपेंद्र यादव (29*) के बीच पांचवें विकेट के लिए हुई 54 रन की अटूट साझेदारी के दम पर 12.4 ओवर में 93 रन बनाकर हासिल कर लिया।
चैतन्य ने दिलाई हरियाणा को जीत
चैतन्य बिश्नोई (42*) और हर्षल पटेल (39) की पारियों से हरियाणा ने मिजोरम को 62 गेंद शेष रहते सात विकेट से धो डाला। हरियाणा ने मिजोरम को पहले पांच विकेट पर 95 रन पर रोक दिया। पवन ने 32 और तरुवर कोहली ने 26 रन बनाए। इसके बाद लक्ष्य को 9.4 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया।
हिमाचल आठ विकेट से हारा
हिमाचल प्रदेश को महाराष्ट्र के हाथों आठ विकेट से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। पहले बल्लेबाजी करते हुए हिमाचल की टीम आठ विकेट पर 135 रन ही बना पाई। प्रशांत चोपड़ा ने 28, राणा ने 24, ऋषि धवन ने 22 और एकांत सेन ने 20 रन बनाए। महाराष्ट्र ने 19 ओवर में दो विकेट पर 138 रन बनाकर मैच जीत लिया। रितुराज गायकवाड़ ने नाबाद 82, केदार जाधव ने 31 और नौशाद शेख ने नाबाद 23 रन की पारी खेली।