हरियाणा ने गेंदबाजों के संयमित प्रदर्शन की बदौलत बंगाल को पांच विकेट से मात दी। बंगाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीवत्स गोस्वामी 30, शहबाज अहमद 26 और रॉय चौधरी 15 की मदद से आठ विकेट पर 122 रन बनाए। हरियाणा के लिए जयंत यादव और आशीष हुड्डा ने दो-दो विकेट लिए। हरियाणा ने लक्ष्य को 17.1 ओवर में पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया। हर्षल पटेल ने 35, टी बाली ने 23 और रोहित शर्मा ने नाबाद 28 रन की पारी खेली। बंगाल के लिए अहमद और आकाश दीप ने दो-दो विकेट लिए।
मुंबई का विजयी चौका
मुंबई ने पुडुच्चेरी को 27 रन से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की। मुंबई ने सूर्यकुमार यादव 57, सिद्धेश लाड 39, जय बिस्टा 29 और आदित्य तारे 20 की मदद से छह विकेट पर 171 रन बनाए। जवाब में पुडुच्चेरी की टीम सात विकेट पर 144 रन ही बना सकी। पारस डोगरा ने 45 और अरुण कार्तिक ने 27 रन की पारी खेली।
पंजाब ने हिमाचल को आठ विकेट से धोया
चंडीगढ़। संदीप शर्मा (4/8) की उम्दा गेंदबाजी के बाद सिमरन सिंह (57) की नाबाद अर्द्धशतकीय पारी से पंजाब ने 63 गेंद शेष रहते हिमाचल प्रदेश को आठ विकेट से धो डाला। पहले खेलते हुए हिमाचल की टीम नौ विकेट पर 87 रन ही बना पाई। प्रशांत चोपड़ा (57*) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज दोहरे अंक तक नहीं पहुंच पाया। पंजाब ने 9.3 ओवर में दो विकेट पर 90 रन बनाकर मैच जीत लिया। अभिषेक शर्मा ने 16 और गुरकीरत सिंह ने नाबाद 14 रन की पारी खेली।
मेजबान चंडीगढ़ को हैदराबाद के हाथों पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा। चंडीगढ़ की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए एक गेंद शेष रहते 123 रन पर ढेर हो गई। विपुल शर्मा ने सर्वाधिक 35 और गुरिंदर सिंह ने 20 रन बनाए। हैदराबाद के लिए मोहम्मद सिराज और मेहदी हसन ने तीन-तीन विकेट झटके। हैदराबाद ने 19 ओवर में पांच विकेट पर 126 रन बनाकर मैच जीत लिया। बी संदीप ने नाबाद 32, चामा मिलिंद ने नाबाद 23 और तन्मय अग्रवाल ने 28 रन बनाए। चंडीगढ़ के श्रेष्ठ निर्मोही और जसरकरण सिंह ने दो-दो विकेट लिए।
जतिन के जतन से मिली जेएंडके की पहली जीत
सूरत। जतिन वधावन (69) के शानदार अर्द्धशतक और शुभम पुंडीर (48*) के साथ उनकी दूसरे विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी से जम्मू एंड कश्मीर (जेएंडके) ने ओडिशा को तीन रन से मात देकर पहली जीत दर्ज की। जेएंडके ने पहले खेलते हुए दो विकेट पर 164 रन बनाए। अब्दुल समाद ने दस गेंदों पर नाबाद 29 रन की पारी खेली। जवाब में ओडिशा की टीम संदीप पटनायक (51) के अर्द्धशतक के बावजूद सात विकेट पर 161 रन ही बना पाई। जेएंडके की ओर से उमर नाजिर, आबिद मुश्ताक और आकिब नबी ने दो-दो विकेट झटके।
उत्तराखंड ने चखा जीत का स्वाद
मयंक मिश्रा (4/6) की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से उत्तराखंड ने गोवा को आठ विकेट से रौंदकर सैयद मुश्ताक में अपनी पहली जीत का स्वाद चखा। उसे पिछले तीन मुकाबलों में मात मिली थी। गोवा की टीम पहले खेलते हुए स्नेहल 57 और हरेंब परब नाबाद 22 की पारी के बावजूद नौ विकेट पर 119 रन ही बना पाई। उत्तराखंड के लिए सन्नी राणा और राहिल शाह ने दो-दो विकेट लिए। उत्तराखंड ने 120 रन के लक्ष्य को 16.4 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। कप्तान तन्मय श्रीवास्तव ने नाबाद 49, सौरभ रावत ने नाबाद 31और करण कौशल ने 35 रन की पारी खेली।