सूर्यकुमार का विश्व कप ट्रॉफी के साथ अडालज बावड़ी में फोटोशूट
इससे पहले विश्व विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव सोमवार को अडालज बावड़ी में विशेष फोटोशूट के लिए पहुंचे थे। उनके पहुंचते ही इस ऐतिहासिक स्मारक परिसर और आसपास की सड़कों पर बड़ी संख्या में प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी। कई प्रशंसक सूर्यकुमार की एक झलक पाने के लिए आसपास की दीवारों और छतों पर भी चढ़ गए। जैसे ही कप्तान ट्रॉफी के साथ पहुंचे, प्रशंसकों ने 'इंडिया… इंडिया' के नारों से माहौल को और भी जोशीला बना दिया।
‘अडालज नी वाव’ के नाम से प्रसिद्ध यह बावड़ी गुजरात के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों में से एक है और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को आकर्षित करती है। अहमदाबाद से लगभग 18 किलोमीटर दूर स्थित इस बावड़ी का निर्माण वर्ष 1499 में वाघेला शासक राणा वीर सिंह की पत्नी रानी रुदाबाई ने करवाया था। पांच मंजिला यह संरचना अपनी बारीक नक्काशी और विशिष्ट भारतीय-इस्लामिक वास्तुकला शैली के लिए प्रसिद्ध है। अष्टकोणीय आकार की यह बावड़ी मध्यकालीन दौर में पानी के स्रोत के साथ-साथ यात्रियों के विश्राम स्थल के रूप में भी उपयोग में लाई जाती थी। आज इसके अलंकृत स्तंभ, गलियारे और खूबसूरती से तराशी गई दीवारें इसे गुजरात के सबसे आकर्षक विरासत स्थलों में शामिल करती हैं।