फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

T20I Captaincy: कप्तानी छिनने के बाद आई सूर्यकुमार की पहली प्रतिक्रिया, चयनकर्ताओं के फैसले पर क्या बोले?

Sat, 06 Jun 2026 09:33 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

टी20 विश्व कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव को हटाकर श्रेयस अय्यर को भारत का नया टी20 कप्तान बनाया गया है। कप्तानी छिनने के बावजूद सूर्यकुमार ने टीम इंडिया को शुभकामनाएं दीं और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक चयन पर जमकर तारीफ की।
विज्ञापन
सूर्यकुमार यादव - फोटो : BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया की घोषणा के बाद टी20 विश्व कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है। चयनकर्ताओं ने सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को भारत का नया टी20 कप्तान नियुक्त किया है।
विज्ञापन
Trending Videos

सूर्यकुमार ने दी टीम को बधाई
कप्तानी से हटाए जाने के बावजूद सूर्यकुमार यादव ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए टीम इंडिया को आगामी चुनौतियों के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर इंग्लैंड दौरे के लिए चुनी गई भारतीय टीम की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, 'इस बेहद प्रतिभाशाली समूह को आने वाली चुनौतियों के लिए ढेरों शुभकामनाएं।'


(फोटो क्रेडिट: सूर्यकुमार यादव-इंस्टाग्राम)

बीसीसीआई ने सूर्यकुमार के कार्यकाल को बताया यादगार
टीम की घोषणा के बाद बीसीसीआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सूर्यकुमार यादव के कप्तानी कार्यकाल की सराहना की। बोर्ड ने लिखा कि सूर्यकुमार ने शानदार नेतृत्व का उदाहरण पेश किया और उनके कार्यकाल का समापन भारत की ऐतिहासिक टी20 विश्व कप जीत के साथ हुआ। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने इस साल टी20 विश्व कप खिताब अपने नाम किया था। टीम इंडिया न सिर्फ लगातार दूसरी बार चैंपियन बनी, बल्कि अपने घरेलू मैदान पर टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम भी बनी।

वैभव सूर्यवंशी को लेकर जताई खुशी
सूर्यकुमार यादव ने 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी खास अंदाज में बधाई दी। राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले वैभव को पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली है। युवा बल्लेबाज की तस्वीर साझा करते हुए सूर्यकुमार ने लिखा, 'तुमने इसे पूरी तरह से हासिल किया है। तुम्हारी आगे की यात्रा को लेकर बेहद उत्साहित हूं।'


(फोटो क्रेडिट: सूर्यकुमार यादव-इंस्टाग्राम)

आईपीएल 2026 में छाए रहे वैभव सूर्यवंशी
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन किया। वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 776 रन बनाए और 237.30 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। इस दौरान उन्होंने रिकॉर्ड 72 छक्के जड़े और दुनिया के सबसे प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों में अपनी पहचान बनाई।

आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से होगी शुरुआत
भारतीय टीम अपने सीमित ओवरों के अभियान की शुरुआत 26 और 28 जून को बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज से करेगी। इसके बाद टीम इंग्लैंड दौरे पर जाएगी, जहां 1 से 11 जुलाई के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी।
विज्ञापन

एशियन गेम्स टीम में भी शामिल
वैभव सूर्यवंशी को 2026 एशियन गेम्स के लिए भी भारतीय टीम में शामिल किया गया है। जापान के आइची-नागोया में 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक होने वाली पुरुष टी20 क्रिकेट प्रतियोगिता में भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका और अफगानिस्तान समेत 10 टीमें हिस्सा लेंगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें