भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सूर्यकुमार इस वीडियो में गली क्रिकेट में बल्लेबाजी करते दिख रहे हैं और अपना सुपला शॉट (स्कूप शॉट) खेलते हुए भी दिख रहे हैं। यह वीडियो मुंबई का है, जहां सूर्यकुमार घूमने निकले थे और फैंस के साथ गली क्रिकेट भी खेले। इस दौरान उन्होंने फैंस के कहने पर सुपला शॉट भी खेला।
सूर्यकुमार फिलहाल भारत की टेस्ट टीम का हिस्सा हैं। नागपुर में हुए पहले टेस्ट में उन्हें खेलने का मौका मिला था। हालांकि, डेब्यू मैच में वह कुछ खास नहीं कर पाए थे। इसके बाद श्रेयस अय्यर फिट हुए और सूर्यकुमार को टीम से बाहर जाना पड़ा। इसके बाद से उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का चौथा और आखिरी मुकाबला अहमदाबाद में होना है और इस मैच में भी सूर्यकुमार को मौका मिलने की संभावना कम है। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज में सूर्यकुमार को खेलने का मौका मिल सकता है। इसके बाद वह आईपीएल में अपना जलवा दिखाएंगे।